संसद भ्रमण के साथ सम्पन्न हुआ राष्ट्रीय शहरी स्थानीय निकाय सम्मेलन

National Urban Local Bodies Conference

National Urban Local Bodies Conference

म्यूजियम भी देखा, सेंट्रल हॉल में लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला से सीधा संवाद
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण व उपाध्यक्ष डॉ . कृष्ण मिड्ढा रहे मौजूद
हरियाणा की मेज़बानी की सभी प्रतिनिधियों ने की जम कर तारीफ़

चंडीगढ़ , 5 जुलाई: National Urban Local Bodies Conference: हरियाणा विधान सभा की मेजबानी में गुरुग्राम में सम्पन्न हुए राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने वाले देश भर के शहरी स्थानीय निकायों के अध्यक्षों ने शुक्रवार शाम देश की राजधानी नई दिल्ली पहुंच नई और पुरानी संसद का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने म्यूजियम देखा और सेंट्रल हॉल में लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण एवं उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा भी मौजूद रहे। 

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आयोजन की ज़िम्मेदारी हरियाणा विधान सभा को देने पर लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला का जताया आभार। साथ ही राष्ट्रीय शहरी निकाय सम्मेलन की बेहतरीन व्यवस्था के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व सरकार की प्रशंसा की। कल्याण ने अच्छी व्यवस्थाओं के लिए ज़िला प्रशासन, शहरी निकाय विभाग, पुलिस विभाग, सूचना एवं जन संपर्क विभाग व हरियाणा विधानसभा के अधिकारियों व कर्मचारियों की मेहनत को भी सराहा।

National Urban Local Bodies Conference

संसद भवन पहुंचे शहरी निकाय अध्यक्षों ने गुरुग्राम में हुए दो दिवसीय सम्मेलन जैसे आयोजन भविष्य में भी किए जाने का अनुरोध किया। देश में पहली बार ऐसा राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन करवाने के लिए उन्होंने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष का भी विशेष रूप से आभार जताया और सम्मेलन में ग्रहण किए गए अनुभव साझा किए। 

इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष श्री ओेम बिरला ने उक्त  प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे यहां से अपने क्षेत्र की जनता से सीधा संवाद करने और उनकी अपेक्षाओें और आकांक्षाओं को पूरा करने का संकल्प लेकर जाएं। 
लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी प्रतिनिधियों का ऐतिहासिक संविधान सदन में पहुंचने पर आभार जताते हुए कहा कि स्वतन्त्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के बलिदान की बदौलत ही इस सदन का हस्तांतरण भारत की जनता को हुआ है। इसके बाद संविधान बनाने की प्रक्रिया का भी यह सदन साक्षी रहा है।

लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि देश भर के शहरी स्थानीय निकायों का पहला राष्ट्रीय सम्मेलन स्थानीय  शासन को और अधिक बल देगा। लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी शहरी निकाय के प्रहरी होते हैं। उन्हें उम्मीद है कि वे इस सम्मेलन से नई प्रेरणा और ऊर्जा लेकर जाएंगे। इसके साथ ही सम्मेलन से प्राप्त अनुभव का लाभ अपने क्षेत्र की जनता को देंगे। सभी प्रतिनिधियों ने दो दिवसीय सम्मेलन को लेकर हरियाणा सरकार की मेजबानी की जमकर प्रशंसा भी की।