हरियाणा की डायरी: सरकारी गाड़ी की चिंता..

Haryana Diary

Haryana Diary

प्रस्तुति:चंद्र शेखर धरणी
वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार


सरकारी गाड़ी की चिंता..
Haryana Diary:
बीते दिनों विधानसभा स्पीकर हरविंदर कल्याण का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वो अपनी निजी गाड़ी चलाते हुए दिखाई दे रहे थे। पता चला कि अपने विधानसभा क्षेत्र में यमुना बाँध पर चल रहे बाढ़ रोकथाम के कार्यों का निरीक्षण करने गए थे जहां के रास्ते कच्चे व उबड खाबड़ थे। क्योंकि उनकी सरकारी मर्सिडीज़ कार काफ़ी नीची है उसके ख़राब होने की चिंता से अपनी पर्सनल गाड़ी चला कर पहुँच गए क्योंकि वो मज़बूत है व उबड खाबड़ रास्तों के लिए बनी है।हरविंदर कल्याण की यही सादगी उन्हें एक बड़ा व बेहतरीन नेता भी स्थापित करने में सहायक साबित होती है।
।।।

   डिनर डिप्लोमेसी 

हरियाणा की राजधानी चंडीगढ के अंदर केबिनेट मंत्री आरती राव के घर दक्षिण हरियाणा के विधायकों को केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह द्वारा दिया गया डिनर आजकल सुर्ख़ियों में है।राव इंद्रजीत कहते है कि उनकी बेटी ने बतौर केबिनेट मंत्री कोठी में गृह प्रवेश किया था और ऐसे मौकों पर प्रीतिभोज होते ही हैं।कई ऐसे विधायक जो डिनर में मौजूद थे। इंद्र जीत इसे कोई धड़े बाजी नहीं मानते।मुख्यमंत्री के पास जाकर स्पष्टीकरण भी दे आए हैं। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने भी इस मौके पर कहा है कि डिनर करना कोई गलत नहीं है।अगर उन्हें बुलाया जाता तो वह भी जाते।चर्चा डिनर के कारण कम और दक्षिण हरियाणा के विधायकों के एक साथ बैठने के कारण ज्यादा होनी स्वाभाविक है।
।।।

     सी एम की मिलनसारिता

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मिलनसारिता की चर्चा तो हर तरफ रहती है।हाल ही में उन्होंने नारायण गढ़ व बराडा के पत्रकारों को अपने निवास पर मिलने का समय दिया।उनकी मेजबानी के लिए ड्यूटी अपने राजनैतिक सलाहकार बी बी भारती की लगाई थी।सी एम सैनी ने डेढ़ दर्जन के करीब पत्रकारो को सामूहिक रूप से व अकेले अकेले भी पर्याप्त समय दिया।सभी गदगद व सी एम की तारीफ करते वापिस लौटे।सी एम निवास पर ही इन सभी को रात्रि भोज भी करवाया गया।भारती स्वयं इस पूरे घटनाक्रम में सभी के साथ रहे।
।।।

    विज की नाराजगी

हरियाणा के ऊर्जा मंत्री  अनिल विज ने उत्तर बिजली वितरण निगम के एक्सईएन हरीश गोयल यमुनानगर, के खिलाफ अंबाला छावनी के एक प्रतिशिष्ठ फीनिक्स क्लब द्वारा दुर्व्यवहार और सत्ता के दुरुपयोग करने के आरोप पर निलंबित कर दिया है। सेंट्रल फीनिक्स क्लब के प्रधान शैलेंदर खन्ना (शैली) ने शिकायत पत्र द्वारा ऊर्जा मंत्री अनिल विज को इस बारे जानकारी दी जोकि गंभीर चिंता का विषय है। सोमवार 30 जून, 2025 देर शाम को हरीश गोयल अनुचित पोशाक पहने हुए क्लब परिसर में पहुंचे - विशेष रूप से शॉर्ट्स  और क्लब बार में प्रवेश किया। क्लब के स्थापित नियमों के अनुसार, इस तरह की पोशाक में प्रवेश सख्त वर्जित है। क्लब के 2 कर्मचारियों ने विनम्रतापूर्वक उन्हें ड्रेस कोड नीति के बारे में बताया और प्रवेश से इनकार कर दिया, जैसा कि सभी सदस्यों और आगंतुकों के लिए मानक प्रक्रिया है। नियमों का सम्मान करने के बजाय, एक्सईएन गोयल ने अनियंत्रित व्यवहार प्रदर्शित किया और कर्मचारियों द्वारा नियमों का पालन करने पर नाराजगी जताई। 

।।

     पिंजौर का मैंगो मेला

  आम का सीजन हो तो आकर्षण का केंद्र रहता है पिंजौर गार्डन।जहां हर वर्ष आम के सीजन में मैंगो मेला लगता है।पहाड़ों की तलहटी में बसे पिंजौर के अंदर स्थित यादविन्द्रा गार्डन में लगे इस मेले में आम की सभी वैराइटीज मौजूद हैं।आसपास व दूर दराज से लोगों का मेले में पहुंचने का सिलसिला भी लगातार लगा रहता है।हरियाणा पर्यटन निगम के महाप्रबंधक  आशुतोष राजन ने बताया कि मेले के 32वें संस्करण में विभिन्न गतिविधियां, प्रतियोगिताएं और संध्या के सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे हैं। पहले दिन की शुरुआत छात्रों के लिए रंगोली, ड्राइंग, पोस्टर मेकिंग और मैंगो क्विज जैसी प्रतियोगिताओं के साथ हुई। मेले के आकर्षण में और इजाफा होगा, जिसमें डे परफॉर्मेंस और सांस्कृतिक कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियां हो रही हैं।
मेले में अलग-अलग प्रकार की 500 वेरायटीज के मैंगो की स्टॉल लगाई गई हैं। इसके अलावा विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। 

फुल फॉर्म में कृष्ण बेदी

कुशल वक्ता  और तेज तर्रार छवि के लिए मशहूर नायाब 2 में पहली बार कैबिनेट मंत्री बने कृष्ण बेदी पूरी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। चाहे सरकार का पक्ष रखने की बात हो या सरकार द्वारा कराई जा रहे विकास कार्यों को तथ्यों के आधार पर जनता के बीच पहुंचने की बात हो। इसके अलावा विपक्ष को भी हर बार आईना दिखाने का काम बखूबी करते हैं। यही नही मनोहर पार्ट वन के बाद पार्ट 2 में सीएम के राजनीतिक सचिव की पारी खेलते हुए अब वह पूरे एक मंजे हुए राजनेता की तरह खुद को प्रदेश की राजनीति में स्थापित कर चुके हैं। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल व मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ उनकी नजदीकियां भी टॉनिक का काम कर रही हैं।
।।।

    सेतिया की अपनों को भी दो टूक

सिरसा से कांग्रेस के चर्चित विधायक गोकुल सेतिया एक बार फिर से प्रदेश की राजनीति में चर्चित चेहरा बने हुए हैं। उनके गृह क्षेत्र में लगे एक तहसीलदार का वीडियो वायरल स्वयं सेतिया ने किया था। इसके बाद राजस्व विभाग  की ओर से कार्रवाई करते हुए उक्त तहसीलदार को सस्पेंड कर दिया गया है। राजस्व विभाग की गई इस कार्रवाई से गोकुल सेतिया पूर्ण संतुष्ट नजर आ रहे हैं वहीं उन्होंने विभाग की आला अधिकारी का भी विशेष आभार व्यक्त किया है। इसके अलावा उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों में साथ देने वाले अपनों को भी चेतावनी देते हुए सख्त लहजे में कह दिया है कि वह भ्रष्टाचार को लेकर कोई समझौता नहीं करेंगे इसके लिए चाहे उसका कोई कितना ही अजीज क्यों ना हो। 

राजस्व अधिकारियों के सितारे गर्दिश में

राजनीतिक हलकों में मलाईदार विभाग कहलाने वाले राजस्व विभाग के अधिकारियों के दिन आजकल अच्छे नहीं चल रहे हैं। चर्चाएं हैं कि प्रदेश सरकार पहले ही बड़े स्तर पर विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के मामलों में लिप्त होने पर कड़ी कार्रवाई करने जा रही है। वहीं अब सिरसा में भी भ्रष्टाचार के मामले को लेकर एक तहसीलदार को निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल प्रदेश की जनता के निगाहें इस बात पर लगी है कि आने वाले दिनों में और किस-किस पर गाज गिरेगी। 

बाढ़ राहत बचाव को लेकर फील्ड में उतरी सरकार

प्रदेश में समय से पहले सक्रिय मानसून  किसानों सहित सरकार के लिए भी राहत लेकर आया था। जिसके चलते प्रदेश भर में अब तक धान की रोपाई लगभग70 से 80 हो चुकी है। लेकिन पहाड़ी क्षेत्र में अधिक बरसात होने के कारण प्रदेश से गुजरने वाली मारकंडा नदी ने एक बार फिर सेकहर भर पाया है। जिसका मुख्य बिंदु कुरुक्षेत्र जिला रहा। इसके बाद से ही मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती सिंचाई विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने पानी से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं कि भविष्य में पानी के नुकसान से बचाव के लिए विस्तृत योजना बनाई जाए। बता दें कि 2 वर्ष पहले 2023 को हरियाणा में सबसे अधिक बाढ़ से नुकसान झेलने वाला कुरुक्षेत्र जिला था।

* हरियाणा से लिखी जाएगी देश के शहर स्थानीय निकायों की इबारत 

शहरी स्थानीय निकायों के अध्यक्षों के राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी हरियाणा प्रदेश कर रहा है। जिसके चलते मानेसर में देश की राजनीति के बड़े-बड़े दिग्गज पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में लोकसभा अध्यक्ष ओमप्रकाश बिरला के अलावा विभाग के केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी विशेष रूप से अपनी उपस्थिति से दर्ज कर रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, मुख्यमंत्री  नायब सैनी विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा लोकसभा अध्यक्ष का गर्म जोशी से स्वागत किया। इस कार्यक्रम में हरियाणा का अहम रोल इसलिए भी अधिक माना जा रहा है क्योंकि विभाग के केंद्रीय मंत्री भी हरियाणा से ही संबंध रखते हैं जो की पूर्व में लगातार दो बार हरियाणा के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।
प्रस्तुति:चंद्र शेखर धरणी