Haryana Vigilance Bureau Arrests

यमुनानगर में रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई, सिंचाई विभाग के JE और बेलदार ₹45 हजार लेते गिरफ्तार

risvat

Haryana Vigilance Bureau Arrests

यमुनानगर: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (Anti-Corruption Bureau) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग, यमुनानगर के जूनियर इंजीनियर (JE) सौरभ कुमार और विभाग के बेलदार करमजीत को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पंचकूला स्थित हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के इंस्पेक्टर तेजपाल ने बताया कि शिकायतकर्ता जरनैल सिंह, जो सिंचाई विभाग में ठेकेदार है, ने आरोप लगाया था कि सभी आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद उसके लंबित बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा था। आरोप है कि जेई सौरभ कुमार ने जानबूझकर बिल रोक रखे थे और भुगतान जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी जेई ने शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर अपने साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर भी रिश्वत की मांग की। रिश्वत की राशि लेने के लिए उसने विभाग के बेलदार करमजीत को भेजा।

शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने 45 हजार रुपये की रिश्वत बेलदार करमजीत को सौंपी, जिसने यह राशि आगे जेई सौरभ कुमार को दे दी। इसी दौरान पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।