हरियाणा को मिलेंगे 431 नए डॉक्टर, स्वास्थ्य विभाग ने भर्ती परिणाम किया जारी
- By Gaurav --
- Sunday, 05 Jul, 2026
Haryana to Get 431 New Doctors
हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में जल्द ही 431 नए डॉक्टरों की नियुक्ति होगी। लंबे इंतजार के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल ऑफिसर भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। चयनित अभ्यर्थियों को अब अपनी पसंदीदा पोस्टिंग का विकल्प भरना होगा, जिसके लिए विभाग ने 8 जुलाई तक का समय दिया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सफल अभ्यर्थियों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अपनी पसंदीदा पोस्टिंग का विकल्प भरना होगा। हालांकि, अंतिम नियुक्ति और तैनाती का अधिकार विभाग के पास रहेगा और आवश्यकता के अनुसार राज्य के किसी भी जिले में पोस्टिंग दी जा सकती है।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग ने 5 दिसंबर को 450 मेडिकल ऑफिसर पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। भर्ती परीक्षा पीजीआई रोहतक द्वारा आयोजित की गई थी। परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के दस्तावेज और बायोमीट्रिक सत्यापन 3 जून, 4 जून और 15 जून को किया गया, जिसके बाद अब 431 चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है।
भर्ती प्रक्रिया में सामान्य वर्ग की कटऑफ 76 अंक, जबकि पूर्व सैनिक आश्रित (ESM Dependent) श्रेणी की कटऑफ 66 अंक रही। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि चयन प्रक्रिया दस्तावेज सत्यापन और बायोमीट्रिक जांच के बाद पूरी पारदर्शिता के साथ पूरी की गई है।
विभाग ने चयन सूची पर आपत्तियां भी आमंत्रित की हैं। यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि सामने आती है तो उसका नियमानुसार संशोधन किया जाएगा।