Haryana Schools Summer Holidays: हरियाणा के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान; शिक्षकों को यह बड़ा निर्देश

हरियाणा के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान; शिक्षकों को निर्देश- क्लास के दौरान मोबाइल इस्तेमाल नहीं करेंगे, बच्चे श्रमदान सीखेंगे

Haryana Schools Summer Holidays 2026 Excessive Heat IMD Alert

Haryana Schools Summer Holidays 2026 Excessive Heat IMD Alert

Haryana Schools Summer Holidays: इन दिनों भीषण गर्मी और लू के कहर से हर कोई त्राहि-त्राहि बोल रहा है। वहीं गर्मी के सितम को देखते हुए हरियाणा के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया गया है। 25 मई से 30 जून तक स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां रहेंगी। पहले यह छुट्टियां 1 जून से होनी थीं। लेकिन गर्मी और लू के अलर्ट के चलते हरियाणा सरकार ने छुट्टियां पहले ही करने का फैसला लिया। जिससे बच्चों की सेहत को कोई नुकसान न पहुंचे। छुट्टियां होने से बच्चों में भी खुशी की लहर दौड़ गई है।

CM सैनी ने शिक्षा विभाग के साथ बैठक की

बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने आज बुधवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ सरकारी स्कूलों में बुनियादी और आवश्यक सुविधाओं को लेकर अहम समीक्षा बैठक की। बैठक में सीएम सैनी ने अधिकारियों से कहा कि स्कूलों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं। क्योंकि प्रत्येक बच्चे को सही और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

क्लास के दौरान मोबाइल इस्तेमाल नहीं करेंगे शिक्षक

वहीं बैठक में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि सरकारी स्कूलों में कोई भी अध्यापक कक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करेगा। साथ ही विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित करने के लिए स्कूली पाठ्यक्रम में श्रमदान को भी शामिल किया जाएगा। यानि सरकारी स्कूलों में अब बच्चे श्रमदान भी सीखेंगे। वहीं क्लास के दौरान शिक्षक मोबाइल इस्तेमाल नहीं करे सकेंगे।

हरियाणा में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट

उत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में पिछले 3 दिनों से तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। कहीं-कहीं तापमान 45 डिग्री को भी पार कर गया है। हरियाणा में भी 23 मई तक सीवियर हीटवेव यानी भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा में भी आसमान से आग बरस रही है। हरियाणा के कुछ हिस्सों में तो पारा 45 डिग्री को पार कर गया है। वहीं 25 मई से नौतपा शुरू होना है। जिसमें सूर्य की तपिश लोगों को और ज्यादा तपाएगी। फिलहाल भयंकर तेज धूप के साथ गर्म सूखी हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया है और अभी राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

यह भी पढ़ें-

चंडीगढ़ के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों को लेकर आदेश; 42 डिग्री तापमान में तप रहा शहर, भीषण लू का अलर्ट जारी, लोग हुए बेहाल