हरियाणा ग्रुप-डी CET-2026 के लिए आवेदन शुरू, पहले दिन 50 हजार से अधिक युवाओं ने कराया पंजीकरण
- By Gaurav --
- Saturday, 20 Jun, 2026
Haryana Group-D CET 2026 Registration
Haryana Staff Selection Commission (एचएसएससी) ने हरियाणा में ग्रुप-डी (चतुर्थ श्रेणी) सरकारी नौकरियों के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी)-2026 की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। लगभग तीन वर्षों के इंतजार के बाद शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थी 3 जुलाई रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 6 जुलाई निर्धारित की गई है।
आयोग के अध्यक्ष Himmat Singh ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के पहले ही दिन 50,146 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 10,646 उम्मीदवारों ने अपना आवेदन पूरी तरह भरकर अंतिम रूप से जमा भी कर दिया है।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे आवेदन स्वयं भरें और अंतिम सबमिशन से पहले सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की त्रुटि या परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही युवाओं को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी गई है।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन में किसी प्रकार की गलती होने पर 7 से 9 जुलाई तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी। इस दौरान अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।
इस बार ग्रुप-डी भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। सामाजिक-आर्थिक आधार पर दिए जाने वाले अतिरिक्त अंक पूरी तरह समाप्त कर दिए गए हैं। अब उम्मीदवारों का चयन केवल सीईटी परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।
आयोग के अनुसार पिछली बार ग्रुप-सी सीईटी के लिए करीब 13.45 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि इस बार ग्रुप-डी सीईटी-2026 के लिए 15 लाख से अधिक आवेदन आने की संभावना जताई जा रही है।