'प्राइवेट पार्ट में आग लगाई, बॉडी पर पेशाब किया; गुरुग्राम में त्रिपुरा की लड़की से बॉयफ्रेंड की हैवानियत, बंधक बनाकर कमरे में तड़पाता रहा
Gurugram Tripura Girl Brutally Beats By Live-in-Partner Boyfriend
Gurugram Tripura Girl Case: सनक, पागलपन या हैवानियत... गुरुग्राम में 19 साल की लड़की के साथ जो हुआ है। उसे क्या कहा जाए? पीड़ित लड़की की कहानी सुन हर कोई दहल उठा है और सबके जहन में एक ही सवाल आ रहा है कि क्या कोई इतना भी हैवान हो सकता है। दरअसल मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली 19 साल की यह लड़की गुरुग्राम में अपने बॉयफ्रेंड के साथ लिव इन में एक किराये के मकान में रह रही थी। लेकिन शायद उसे ये कभी नहीं पता था कि उसका 'लिव इन पार्टनर' एक दिन उसकी जान लेने पर आमादा हो जाएगा। लड़की इस समय दिल्ली के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। वहीं आरोपी बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसकी पहचान दिल्ली के शिवम के रूप में हुई है। आरोपी बॉयफ्रेंड भी करीब 19 साल का ही है।
बंधक बनाकर कमरे में तड़पाता रहा
बताया जाता है कि आरोपी शिवम ने अपनी लिव इन पार्टनर (लड़की) के साथ बेरहमी की हद पार कर दी। उसे कमरे में तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा और उसके साथ जानलेवा तौर से मारपीट की। आरोपी ने लड़की के सिर पर बोतल भी मारी। यही नहीं आरोप यह भी है कि आरोपी ने चाकू से लड़की के शरीर पर कई जगह कट भी मारे। यानि हैवान बना यह आरोपी, पीड़िता को पल-पल तड़पाता रहा। वो तो पीड़िता ने किसी तरह से मौका पाकर अपनी मां को फोन कर सारी आपबीती सुनाई। इधर बेटी के दर्द और चीख से मां भी दहल गई। बेटी को बचाने के लिए मां ने तुरंत हरियाणा पुलिस को फोन कर गुरुग्राम स्थित बेटी के पीजी का पता दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इसके बाद गंभीर हालत में पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
'प्राइवेट पार्ट में आग लगाई, बॉडी पर पेशाब किया'
आरोपी की हैवानियत सिर्फ मारपीट या हमले तक ही सीमित नहीं रही। उसने और भी जो कुछ किया वो बेहद ही भयावह और भयानक है। आरोप है कि सनकी बॉयफ्रेंड शिवम ने लड़की के प्राइवेट पार्ट पर सैनिटाइजर डालकर आग भी लगाई। इसके साथ ही वह लड़की के शरीर पर पेशाब भी करता था। मतलब आरोपी शिवम हैवानियत की सीमा लांघ चुका था। मीडिया से बात करते हुए पीड़िता की मां का दर्द छलक उठा। उन्होंने बताया, "16 फरवरी को रात 10 बजे मेरी बेटी ने मुझे फोन किया और कहा कि "मेरे पास टाइम नहीं है, मुझे मार दिया जाएगा। शिवम पिछले 3 दिनों से मेरे साथ मारपीट कर रहा है। उसने मुझे मारा और जला भी दिया, वो आज मुझे मार देगा"।
पीड़िता की मां ने आगे कहा, ''बेटी ने मुझे बताया कि शिवम ने उसे 3 दिनों तक एक कमरे में बंद रखा है और उस पर पेशाब किया। उसने उसके प्राइवेट पार्ट को भी जलाया है। साथ ही उसने चाकू से उसके शरीर पर कई जगह कट मारे हैं।'' पीड़िता की मां का कहना है कि शिवम ने मेरी बेटी के साथ कई बार दुष्कर्म भी किया। शादी का झांसा देकर शिवम ने उसके साथ फिजिकल रिलेशन बनाए। पीड़िता की मां ने कहा, मेरी बेटी की हालत इस समय बहुत खराब है। मां ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।
बायो-टेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने गुरुग्राम आई थी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित लड़की बायो-टेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के लिए त्रिपुरा से गुरुग्राम आई थी। उसने जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया था। इस बीच सितंबर 2025 में पीड़िता और आरोपी शिवम एक ऑनलाइन एप के जारिए दोनों मिले थे। दोनों के बीच दोस्ती हो गई और दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। यानि दोनों बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड बन गए। इसके बाद दोनों के बीच शादी की बातचीत चलने लगी। जहां इस दौरान दोनों ने पीजी में एक साथ लिव इन में रहना शुरू कर दिया। लेकिन कुछ ही दिन में लड़के के सिर से प्यार का भूत उतर गया और लड़की को टॉर्चर करना शुरू कर दिया। बताया जाता है कि आरोपी शिवम पीड़िता पर शक करता था। जिसे लेकर हाल ही में पीड़िता और आरोपी की आपस में किसी बात को लेकर बहस हो गई और विवाद हो गया। जिसके बाद आरोपी ने हैवानियत की हद पार कर दी।
पीड़िता ने पुलिस को दर्ज कराया बयान
बताया जाता है कि पीड़िता ने पुलिस को अपना बयान दर्ज करा दिया है। जिसके बाद आरोपी शिवम के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। FIR में BNS की धारा 115, 118(1), 118(2), 127(2), 69 और 351(2) लगाई गई हैं। लड़की के बयान के आधार पर दर्ज FIR में कहा गया है कि वह शादी का झांसा देकर उसके साथ फिजिकल रिलेशन बना रहा था, उसे पीट रहा था और उसके साथ मारपीट कर रहा था। उसने सैनिटाइज़र डालकर लड़की के प्राइवेट पार्ट में आग लगाई और इस दौरान उसका वीडियो भी बनाया। लड़की को इस समय दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।