चारधाम यात्रा 2026 का भव्य आगाज: अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट, उमड़ा आस्था का जनसैलाब

चारधाम यात्रा 2026 का भव्य आगाज: अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट, उमड़ा आस्था का जनसैलाब

Grand Commencement of the 2026 Char Dham Yatra

Grand Commencement of the 2026 Char Dham Yatra

उत्तरकाशी/बड़कोट। Grand Commencement of the 2026 Char Dham Yatra: चारधामों में प्रमुख गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट रविवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गये हैं। 

इसके साथ चारधाम यात्रा का आगाज हो गया। दोनों ही धामों में पहले ही दिन करीब 15 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे। सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा कराई।

करीब 15 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे

बता दें कि चाधाम की पावन परंपरानुसार गत शनिवार को शीतकालीन प्रवास मुखवा (मुखीमठ) से मां गंगा की उत्सव डोली यात्रा पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ 14वीं राजपूताना राइफल्स के आर्मी बैंड की धुनों पर गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई थी।

इस दौरान रात्रि विश्राम भैरोंघाटी स्थित भैरव मंदिर में करने के बाद सुबह मां गंगा की उत्सव डोली यात्रा रविवार सुबह धाम के लिए रवाना हुई, धाम में पहुंचने के बाद श्री गणेश पंचांग पूजन, श्री गंगा सहस्त्रनाम पाठ किया गया।

इसी दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हर्षिल हेलीपैड पर उतरकर सड़क मार्ग से गंगोत्री धाम पहुंचे, जहां वह हजारों की संख्या में गंगोत्री धाम के दर्शनों के उमड़े श्रद्धालुओं के साथ कपाटोद्घाटन के पावन पल के साक्षी बने। ठीक 12:15 बजे शुभ बेला पर गंगोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खोले गए।

इधर, मां यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली(खुशीमठ) से सुबह साढ़े आठ बजे मां यमुना की डोली अपने भाई शनि सोमेश्वर देवता की डोली की अगवानी में यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। पूरे क्षेत्र में पारंपरिक वाद्य यंत्रों एवं आईटीबीपी के बैंड की मधुर धुनों के बीच जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

खुशीमठ से प्रस्थान के बाद डोली यात्रा यमुनोत्री धाम पहुंची, जहां हवन-पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। इसके पश्चात निर्धारित शुभ लग्न में 12:35 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए। कपाटोद्घाटन के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कपाट खुलते ही धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई और पूरे क्षेत्र में आस्था व उत्साह का माहौल बन गया।

इस अवसर पर गंगोत्री धाम में सीएम के साथ कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, डीएम प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्र तथा यमुनोत्री में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, ओबीसी आयोग के उपाध्यक्ष श्याम डोभाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान आदि रहे।