देहरादून में गूंजा गोरखा संस्कृति का उत्सव
Gorkha Culture Celebrated in Dehradu
देहरादून। Gorkha Culture Celebrated in Dehradu: शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय गोरखा हिमालयन फेस्टिवल के पहले चैप्टर 2026 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उन्होंने हिमालयी राज्यों में गोरखा समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी विविधता, लोकसंस्कृति और पारंपरिक मूल्यों से है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने देहरादून एवं प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में फेस्टिवल में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में गोरखा हिमालयन समिति के संस्थापक आचार्य डॉ. सुशांत महाराज, अध्यक्ष कमला थापा, संरक्षक गोदावरी थापली और सलाहकार राजन शाही मौजूद रहे। मंच संचालन ज्योति कोटिया एवं प्रभा शाह ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी तथा संगठन की राष्ट्रीय महामंत्री नूतन बिष्ट भी उपस्थित रहीं।
तीन दिवसीय इस महोत्सव में पारंपरिक लोकनृत्य, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, स्थानीय हस्तशिल्प प्रदर्शनी, पारंपरिक व्यंजन और विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
यह आयोजन हिमालयी एवं गोरखा समुदाय की समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक एकता का उत्सव है, जिसमें प्रदेशवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता अपेक्षित है