हमीरपुर कोर्ट परिसर में पूर्व सैनिक लोडेड राइफल लेकर घुसा, पुलिस ने हिरासत में लिया
Ex-Serviceman Enters Hamirpur Court Complex Carrying Loaded Rifle
हमीरपुर। Ex-Serviceman Enters Hamirpur Court Complex Carrying Loaded Rifle, हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर के न्यायिक परिसर में एक पूर्व सैनिक लोडेड राइफल लेकर घुस गया। लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी थी। आदर्श चुनाव आचार संहिता के बीच हथियार लेकर चलने पर लगाए प्रतिबंध के बावजूद इस घटनाक्रम से कोर्ट परिसर में दिनभर हड़कंप मच गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले में पहुंचा था कोर्ट
सेना से सेवानिवृत्त रमन शर्मा निवासी भोरंज हमीरपुर कोर्ट परिसर में विचाराधीन पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले में पहुंचा था। बिना किसी खौफ के वह लोडेड राइफल लिए कोर्ट परिसर में घूम रहा था। जब उससे पूछा गया तो बोला- आज तो उसे शूट कर दूंगा। बताया जा रहा है पूर्व सैनिक ने बैग में दराट भी डाला हुआ था।
डीएसपी ने पूछताछ की तो....
इसी दौरान किसी कार्य से कोर्ट पहुंचे डीएसपी की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने उससे पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि राइफल का लाइसेंस जम्मू से जारी किया गया था और उसकी अवधि भी समाप्त हो चुकी थी।
पुलिस ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
पुलिस पूर्व सैनिक को हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठाकर ले गई। पुलिस ने पूर्व सैनिक के विरुद्ध पब्लिक हरासमेंट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि पूर्व सैनिक मानसिक रूप से परेशान है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हमीरपुर के एसपी बलबीर सिंह ने बताया कि तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
प्रदेश में चुनाव की घोषणा होने के बाद से हमीरपुर जिले में हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध लागू है। लोगों से अपील की कि चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न करने में सहयोग करें।
-गंधर्वा राठौर, उपायुक्त हमीरपुर।