जीएमएसएच-16 में शुरू हुई सायंकालीन ओपीडी: शाम 5 से 7 बजे तक विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श
Evening OPD begins at GMSH-16
चंडीगढ़, 24 फरवरी (साजन शर्मा): Evening OPD begins at GMSH-16: यू.टी. चंडीगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए गवर्नमेंट मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल‑16 में सायंकालीन बाह्य रोगी सेवा (ओपीडी) शुरू कर दी गई है। इस व्यवस्था के अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सक प्रतिदिन शाम 5 बजे से 7 बजे तक मरीजों को परामर्श प्रदान करेंगे। पहले दिन के परीक्षण संचालन में कुल 25 मरीजों को सेवाएं दी गईं।
यह निर्णय पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया द्वारा शहर के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का आकलन करने के बाद लिया गया। उन्होंने अस्पतालों में बेहतर रोगी देखभाल सुनिश्चित करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
प्रशासक ने निर्देश दिए कि अस्पतालों को सशक्त द्वितीयक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हो सकें और तृतीयक संस्थानों जैसे गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल‑32 तथा पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च पर अनावश्यक मरीजों का दबाव कम किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल यह सुविधा मेडिसिन, शल्य चिकित्सा, अस्थि रोग, बाल रोग तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागों में उपलब्ध रहेगी। आगामी चरण में इसी प्रकार की सायंकालीन बाह्य रोगी सेवाएं शहर के नागरिक अस्पतालों में भी प्रारंभ की जाएंगी।
अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा द्वितीयक स्वास्थ्य प्रणाली मजबूत बनेगी, जिससे मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।