राम मंदिर ट्रस्ट की 22 जुलाई को अहम बैठक

1000265477

Crucial meeting of Ram Mandir Trust on July 22

अयोध्या। Crucial meeting of Ram Mandir Trust on July 22, राम मंदिर से चढ़ावा चोरी के चल रहे प्रकरण के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इसी महीने में दूसरी बार ट्रस्ट की बैठक बुलाई है। 22 जुलाई को शाम चार बजे से सभी ट्रस्टियों की बैठक अयोध्या में मणिराम दास छावनी में होगी।

बैठक के संबंध में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से एक आधिकारिक सूचना जारी की गई है, साथ ही इस बैठक में सभी सदस्यों को मौजूद रहने के लिए विशेष तौर पर कहा गया है।

राम मंदिर ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने रविवार को इस बैठक के एजेंडा और सर्कुलर जारी किया है। इममें बताया गया है कि बैठक में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) की आने वाली अंतिम रिपोर्ट पर चर्चा होगी। उसी दिन यानी 22 जुलाई को दोपहर तीन बजे से ट्रस्ट की एक और विशेष बैठक भी तय की गई है।

सदस्यों की कमी पर किया जाएगा विचार

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की 22 जुलाई को होने वाली बैठक में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अलग-अलग समितियों के पुनर्गठन पर निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही सदस्यों की कमी पर भी विचार किया जाएगा। ट्रस्ट की जिन समितियों के जिम्मे अलग-अलग काम हैं, उनकी नई संरचना और जिम्मेदारियों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर आवश्यक बदलाव भी किए जा सकते हैं।

सीईओ की नियुक्ति पर भी होगी चर्चा

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी की फाइनल रिपोर्ट पर भी चर्चा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से की जाएगी। इसके साथ ही ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति सहित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा होगी। बैठक के संबंध में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने अधिसूचना जारी कर दी है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक के दौरान मंदिर ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। इसके साथ छह जुलाई को हुई ट्रस्ट की पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि और राम मंदिर ट्रस्ट के नियमों के अनुसार विभिन्न समितियों का पुनर्गठन शामिल है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की छह जुलाई की बैठक के दौरान चढ़ावे में कथित अनियमितताओं की जांच के बीच पूर्व महासचिव चंपत राय और पूर्व ट्रस्टी अनिल मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार किया गया था।

अहम चरण में चढ़ावा चोरी की पुलिस जांच

राम मंदिर से दान की चोरी की जांच अहम चरण में पहुंच गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी रामशंकर यादव उर्फ 'टिन्नू' और उसके भतीजे मनीष यादव से उनकी 39 घंटे की कस्टडी रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की। पुलिस ने अदालत से 39 घंटे की रिमांड ली थी, जिसके बाद शनिवार सुबह करीब आठ बजे दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। इस मामले में अब तक कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।