'माथे से बहता खून और हाथ में डंडा'; सलमान खान ने फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का दमदार टीज़र किया जारी, दिखा डेयरिंग अंदाज
Salman Khan Release Film Battle Of Galwan Teaser on His 60th Birthday
Battle Of Galwan Teaser: बॉलीवुड के दबंग स्टाइल वाले सलमान खान आज 27 दिसंबर को अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। जहां जन्मदिन के इस खास मौके पर उन्होंने अपनी आगामी फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का दमदार टीज़र जारी किया है। सलमान के फैंस उनकी इस फिल्म की झलख और इसमें उनके लुक को देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। जिन्हें सलमान ने अपने जन्मदिन पर खुश कर दिया। टीजर के साथ-साथ 'बैटल ऑफ गलवान' की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है। फिल्म 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
डेयरिंग अंदाज में दिखे सलमान खान
सलमान खान की यह फिल्म भारत की सुरक्षा के लिए अग्रिम मोर्चे पर तैनात सेना के जवानों और उनके अदम्य साहस को एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि है। 'बैटल ऑफ गलवान' के टीजर में सलमान खान अपने अब तक के सबसे डेयरिंग अंदाज में देखे जा रहे हैं। सेना की वर्दी में उनका जबरदस्त प्रभावशाली रौबीला अंदाज देखने लायक है। इस फिल्म में वह भारतीय सेना के एक अधिकारी की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। सलमान के चेहरे पर देशप्रेम और देशभक्ति की कहानी साफ बयां हो रही है। माना जा रहा है कि देश पर बनी यह फिल्म कमाल करने वाली है।
माथे से बहता खून और हाथ में मोटा डंडा
सलमान खान की यह फिल्म हमारे जवानों के बलिदान और जज्बे को दर्शाती है और देश के दुश्मनों को खदेड़ने में साहस दिखाने और मर मिटने की प्रेरणा देती है। टीजर में दिखता है कि सलमान खान गलवान घाटी में है और अपनी फौज के साथ सामने से आ रही दुश्मन की फौज का मुक़ाबला करने के डटे हैं। बजरंगबली की जय और भारत माता की जय के साथ सलमान ने हाथ में मोटा डंडा ले रखा है। उनके माथे से खून गिर रहा है। सेना की वर्दी में नजर आ रहे सलमान खान का अंदाज बलिदान और देशप्रेम के जज्बे को दर्शाता हुआ दिखता है।
#BattleofGalwan Teaser Out Now!https://t.co/Bxz3VBOLTk@LakhiaApoorva @IChitrangda #HimeshReshammiya #StebinBen #CchintanShah @SKFilmsOfficial @ShamiraahN pic.twitter.com/NCCUDN8Spz
गलवान घाटी संघर्ष पर बनी फिल्म
सलमान खान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' वास्तविक गलवान घाटी संघर्ष पर आधारित है। जब 15 जून, 2020 की रात को भारत और चीन के सैनिकों के बीच पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर एक हिंसक झड़प हुई थी, जो 1962 के बाद सबस गंभीर सैन्य टकराव था। इस भीषण संघर्ष में कील नुमा और कंटीले तारों से लिपटे डंडों और पत्थरों का इस्तेमाल हुआ। जिसमें 20 भारतीय सैनिक शहीद हुए और चीन को भी भारी नुकसान हुआ। कई चीनी सैनिक नदी में बह गए थे। (हालांकि चीन ने इसे छुपाया)।
दरअसल यह झड़प चीन द्वारा भारतीय क्षेत्र में अवैध पोस्ट हटाने के दौरान हुई थी। इस संघर्ष में करीब 400 भारतीय जवानों ने 1200 चीनी सैनिकों से लोहा लिया और उन्हें धूल चटा दी। यह रात भी भारतीय सैन्य इतिहास की अमर गाथाओं में दर्ज हो गई। इस संघर्ष में भारतीय जवानों के बलिदान को यह देश हमेशा याद रखेगा और वीरता को सलाम करेगा। बता दें कि इस संघर्ष के बाद काफी समय तक चीन और भारत के बीच तनाव की स्थिति बनी रही।
हालांकि बाद में कई दौर की सैन्य वार्ताएं हुईं और फरवरी 2021 में सैनिकों की वापसी (डिसइंगेजमेंट) की प्रक्रिया शुरू हुई। अब भारत और चीन दोनों देश की सेना अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र में गतिमान है और किसी भी अवैध निर्माण को रोका जा रहा है। इसे लेकर भारत और चीन के बीच बातचीत भी लगातार हो रही है।