देश में SIR के तीसरे फेज का ऐलान; करीब 37 करोड़ वोटरों का वेरिफिकेशन होगा, लगभग 4 लाख BLOs तैनात किए जाएंगे
Election Commission Announced Third Phase of SIR In 16 States and 3 UTs
SIR Third Phase Announced: देश में अब SIR के तीसरे फेज का ऐलान हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने (ECI) ने गुरुवार (14 मई) को मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) के तीसरे फेज (Phase-III) के संबंध में अधिसूचना जारी की है।
ECI के अनुसार, तीसरे फेज की SIR प्रक्रिया में पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ समेत देश के 16 राज्य और 3 केंद्र शासित प्रदेश चरणबद्ध तरीके से कवर किए जाएंगे। इस दौरान करीब 37 करोड़ वोटरों का हाउस टू हाउस वेरिफिकेशन होगा। चुनाव आयोग का कहना है कि SIR के तीसरे फेज को जनगणना की चल रही प्रक्रिया में लगी फील्ड मशीनरी को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है। नीचे संलग्न सूची में आप देख सकते हैं कि कहां SIR की प्रक्रिया कब शुरू होगी?
.jpg)
हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में SIR नहीं
फिलहाल हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में SIR की प्रक्रिया नहीं कराई जाएगी। चुनाव आयोग का कहना है कि SIR का तीसरा चरण हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख को छोड़कर पूरे देश को कवर कर लेगा। जबकि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख में जनगणना के दूसरे चरण के पूरा होने और ऊपरी इलाकों/बर्फ से ढके क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर उचित विचार करने के बाद, SIR का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा।
लगभग 4 लाख BLOs तैनात किए जाएंगे
तीसरे फेज की SIR प्रक्रिया में लगभग 4 लाख बूथ लेवल अधिकारी यानि BLOs तैनात किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने बताया है कि SIR के तीसरे चरण के दौरान, 3.94 लाख से अधिक बूथ स्तरीय अधिकारी (BLOs) घर-घर जाकर 36.73 करोड़ मतदाताओं से संपर्क करेंगे। इसमें उनकी सहायता 3.42 लाख बूथ स्तरीय एजेंट (BLAs) करेंगे, जिन्हें राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त किया जाएगा। ECI ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध है कि वे BLAs नियुक्त करें, ताकि राजनीतिक दलों की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित हो सके और SIR पूरी पारदर्शिता तथा राजनीतिक दलों की पूर्ण भागीदारी के साथ संपन्न हो सके।
SIR के 2 फेज में 59 करोड़ मतदाताओं का वेरिफिकेशन
चुनाव आयोग ने जानकारी दी कि SIR के पहले दो चरणों में यानि पहले पूरे किए गए 2 फेज में देश के 13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया गया, जिनमें लगभग 59 करोड़ मतदाताओं का वेरिफिकेशन हुआ। वहीं SIR के 2 फेज की प्रक्रिया में 6.3 लाख से अधिक बूथ लेवल अधिकारी BLOs और राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 9.2 लाख बूथ स्तरीय एजेंट BLAs ने भाग लिया।
