ED Conducts Raids in UP, Delhi and Punjab

450 करोड़ रुपये बैंक लोन फ्रॉड केस: ED की यूपी, दिल्ली और पंजाब में बड़ी छापेमारी

ed

ED Conducts Raids in UP, Delhi and Punjab

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 450 करोड़ रुपये के कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी और धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) मामले की जांच के तहत शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में एक साथ छापेमारी की। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई।

जानकारी के मुताबिक, ईडी के लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय ने 'संतोष ओवरसीज लिमिटेड', उसके प्रवर्तकों और उनसे जुड़ी कंपनियों के कुल आठ परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा दर्ज बैंक धोखाधड़ी के मामले के आधार पर की जा रही है।

ईडी का आरोप है कि बैंकों के संघ (कंसोर्टियम) से प्राप्त करीब 450 करोड़ रुपये के ऋण का दुरुपयोग किया गया। जांच एजेंसी के अनुसार, कथित तौर पर फर्जी बिलों, संदिग्ध वित्तीय लेनदेन, मुखौटा (शेल) कंपनियों और फर्जी एंट्री ऑपरेटरों के माध्यम से धन को विभिन्न स्तरों पर स्थानांतरित किया गया, ताकि उसकी वास्तविक उत्पत्ति को छिपाया जा सके।

फिलहाल एजेंसी मामले से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। ईडी की कार्रवाई जारी है और मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।