कैथल में डॉक्टर को मारी गोली: सैर के दौरान स्कूटी सवार ने पेट में मारी गोली, पैसों के लेनदेन का विवाद
- By Gaurav --
- Monday, 15 Sep, 2025

Doctor shot in Kaithal:
Doctor shot in Kaithal: कैथल में रविवार शाम को एक डॉक्टर पर जानलेवा हमला हुआ। सेक्टर 21 में सैर कर रहे अप्रेंटिस डॉक्टर प्रतीक कुमार पर स्कूटी सवार युवक ने गोली चला दी। गोली डॉक्टर के पेट में लगी। घायल डॉक्टर को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।
डॉक्टर प्रतीक कुमार सेक्टर 19 के रहने वाले हैं। वे शाम करीब 7 बजे सेक्टर 21 में सैर कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात स्कूटी सवार ने उन पर गोली चलाई और मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
जांच में सामने आया कि हमले के पीछे बूढ़ाखेड़ा निवासी जितेंद्र का हाथ है। जितेंद्र की कैथल अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। थूआ गांव निवासी डॉक्टर प्रतीक के पिता गुलाब सिंह ने अपनी रिटायरमेंट की राशि जितेंद्र के परिवार को दी थी। इसी पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
डीएसपी मुख्यालय वीरभान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटाए। प्रतीक एमबीबीएस हैं और शाहाबाद के आदेश अस्पताल में प्रैक्टिस कर रहे थे। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।