धनबाद गैंगस्टर प्रिंस खान वीडियो विवाद: एनआईए जांच की मांग तेज, प्रशासनिक तंत्र पर उठे सवाल
Dhanbad gangster Prince Khan video controversy
रांची। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर धनबाद के गैंगस्टर प्रिंस खान के वीडियो की एनआईए (नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी) से जांच कराने की मांग की है। मरांडी ने पत्र में लिखा है कि गैंगस्टर के वीडियो में धनबाद पुलिस, कोयला तंत्र और कथित वसूली नेटवर्क के आरोपों ने पूरे प्रशासनिक विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि है कि आमतौर पर पुलिस ही अपराधियों का पर्दाफाश करती है, लेकिन झारखंड में अब गैंगस्टर ही पुलिस अधिकारियों के कथित काले कारनामों का खुलासा कर रहे हैं। धनबाद के वर्तमान एसएसपी को लेकर सामने आए आरोप से पूरे प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता और साख पर गंभीर सवाल खड़ा हुआ है।
वसूली और दबाव की मानसिकता बढ़ने की बात
धनबाद की स्थिति ऐसी प्रतीत हो रही है जैसे वहां कानून का शासन नहीं, बल्कि दो समानांतर गिरोहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही हो। एक तरफ गैंगस्टर प्रिंस खान का नेटवर्क है और दूसरी ओर वर्दीधारी तंत्र। फर्क केवल इतना दिखाई दे रहा है कि एक बिना वर्दी के कथित वसूली कर रहा है और दूसरा वर्दी पहनकर कर रहा है।
मरांडी ने कहा है कि वीडियो में व्यापारियों और उद्योग जगत के बीच भी कथित वसूली और दबाव की मानसिकता बढ़ने की बात सामने आ रही है। इससे जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास लगातार कमजोर पड़ता जा रहा है। जिस प्रकार एक गैंगस्टर खुलेआम एसएसपी को चुनौती दे रहा है, वह पुलिस तंत्र की गिरती साख और पुलिस का भय कम होने का संकेत है।