दिल्ली में बढ़ा पारा और बिगड़ी हवा, लू और खराब AQI से दोहरी मार

दिल्ली में बढ़ा पारा और बिगड़ी हवा, लू और खराब AQI से दोहरी मार

IMD Issues Heatwave Alert

IMD Issues Heatwave Alert

 नई दिल्ली। IMD Issues Heatwave Alert: अप्रैल के अंत में ही दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने अचानक अपना रुख बदल लिया है, जिससे मई और जून जैसी भीषण गर्मी की स्थिति पैदा हो गई है। मार्च में अपेक्षाकृत सुहावने मौसम के बाद अप्रैल में लोग अब बढ़ते तापमान और बिगड़ती वायु गुणवत्ता से जूझ रहे हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 21 से 24 अप्रैल तक लगातार लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। 21 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले कुछ दिनों में स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।

24 अप्रैल को भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। 22 और 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और 24 अप्रैल को भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है। जहां न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि लू की स्थिति न केवल दोपहर में बल्कि देर शाम तक भी बनी रहेगी। हालांकि, हफ्ते के अंत तक मौसम में थोड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।

बाकी दिन तापमान गिरकर 41 डिग्री तक आएगा

विभाग के मुताबिक, 25 और 26 अप्रैल को अधिकतम तापमान थोड़ा गिरकर लगभग 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक बढ़ सकता है। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बावजूद, गर्मी से राहत मिलने की संभावना बहुत कम है।

बढ़ते तापमान के साथ-साथ, एनसीआर में वायु गुणवत्ता भी एक गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। दिल्ली और उसके आसपास के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) लगातार 'खराब' श्रेणी में बना हुआ है। आनंद विहार का एक्यूआई 224 दर्ज किया गया, जबकि अशोक विहार का 173 रहा। बावना और चांदनी चौक में एक्यूआई का स्तर क्रमशः 196 और 162 रहा।