Delhi Police Removes Sonam

जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हटाया गया, दिल्ली पुलिस ने सुबह चलाया विशेष ऑपरेशन

janter

Delhi Police Removes Sonam

दिल्ली पुलिस ने शनिवार सुबह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को एक विशेष अभियान के तहत विरोध स्थल से हटाकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के आदेशों और वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह पर की गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नए पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के कार्यभार संभालने के बाद हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में इस ऑपरेशन की रणनीति तैयार की गई थी। कार्रवाई सुबह उस समय की गई, जब प्रदर्शनकारियों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी। बताया गया कि नई दिल्ली जिले के स्पेशल स्टाफ और स्थानीय पुलिस के 30 से 35 जवान सादे कपड़ों में बैरिकेड वाले क्षेत्र में पहुंचे और योजनाबद्ध तरीके से अभियान को अंजाम दिया।

सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन को तीन चरणों में पूरा किया गया। पहले चरण में सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों ने मंच को सुरक्षित करते हुए सोनम वांगचुक को वहां से हटाया। दूसरे चरण में सीआरपीएफ (CRPF) और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों ने बैरिकेड के बाहर प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित रखा, जबकि तीसरे चरण में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पूरे अभियान की निगरानी की। इसके बाद वांगचुक को एम्बुलेंस के जरिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया।

कार्रवाई के बाद वांगचुक के सहयोगी अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि उनकी गैर-मौजूदगी में उन्हें प्रदर्शन स्थल से हटाया गया। उन्होंने विरोध जारी रखने के लिए भूख हड़ताल करने की घोषणा भी की।

वहीं, दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से की गई। पुलिस के अनुसार, उच्च न्यायालय के निर्देशों और चिकित्सकीय सलाह के आधार पर वांगचुक को आवश्यक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने यह भी कहा कि कार्रवाई के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने बाधा डालने की कोशिश की, जिससे थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस ने संयम बरतते हुए अभियान पूरा किया। साथ ही जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक स्थल खाली करने की अपील की गई।