दिल्ली विधानसभा को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी; पुलिस ने शुरू की जांच
Delhi Assembly receives another bomb threat
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा को बुधवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल के माध्यम से मिली धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को एक बार फिर जांचा गया। मुस्तैदी बढ़ाने के साथ ही तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। दो दिन पहले सोमवार को ही दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की एक और धमकी मिली थी। फिलहाल, पुलिस समेत सुरक्षा एजेंसियों ने छानबीन शुरू कर दी है।
दिल्ली विधानसभा को एक बार फिर बम धमकी मिली है। दावा किया गया है कि यह ईमेल पाकिस्तान की आईएसआई से जुड़े कथित सेल्स की ओर से भेजी गई है। ईमेल का सब्जेक्ट है “Pakistan ISI cells tested BDDS yesterday, Today 5 RDX bombs to blast in Delhi Assembly in 2 hours, ignore at own risk!”
धमकी में लिखा गया है, 'कल BDDS (Bomb Detection and Disposal Squad) की जांच हुई और आज दो घंटे के अंदर दिल्ली विधानसभा में 5 RDX बमों से ब्लास्ट किया जाएगा। ईमेल को स्पैम के रूप में चिह्नित किया गया है।' ईमेल किसी सौरव बिसवास खान नामक व्यक्ति ने भेजा है।
ईमेल में हिंदी में लंबा संदेश लिखा गया है, जिसमें राजनीतिक आरोप लगाए गए हैं और पुलिस को चेतावनी दी गई है। विधानसभा सचिवालय और संबंधित अधिकारियों को यह धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। दिल्ली पुलिस ने तुरंत अलर्ट जारी कर दिया है। इसमें कहा गया है कि तमिलनाडु की डीएमके सरकार में एक मुस्लिम नेता आईएसआई से जुड़ा हुआ है। साथ ही, इस धमकी को हल्के में न लेने को कहा गया है।
बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर विधानसभा परिसर की व्यापक तलाशी ले रही हैं। अब तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है।पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह धमकी होक्स (झूठी) हो सकती है, जैसी हाल के दिनों में कई बार मिल चुकी हैं। फिर भी सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियां ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई हैं।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां, बम स्क्वायड के साथ स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिसर खाली कराकर गहन तलाशी अभियान चलाया। कुछ भी संदिग्ध न मिलने पर इसे हाक्स करार दिया गया। बता दें कि इस वर्ष यह पांचवीं घटना थी, जिसमें दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।