देहरादून में देर रात RTO का बड़ा एक्शन: 60 गाड़ियों के चालान, बिना नंबर प्लेट और ड्रिंक एंड ड्राइव पर 15 वाहन सीज

देहरादून में देर रात RTO का बड़ा एक्शन: 60 गाड़ियों के चालान, बिना नंबर प्लेट और ड्रिंक एंड ड्राइव पर 15 वाहन सीज

1000220986

Dehradun RTO takes major action late night: 60 vehicles challaned

देहरादून। सप्ताहांत पर मसूरी और अन्य पर्यटन स्थलों की ओर बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच शनिवार रात देहरादून में आरटीओ प्रवर्तन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।

घंटाघर, ओएनजीसी चौक, आईएसबीटी और शिमला बाइपास रोड समेत कई प्रमुख स्थानों पर देर रात तक चली कार्रवाई में नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा गया।

अभियान के दौरान 60 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 15 वाहनों को सीज कर दिया गया।

आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डा. अनीता चमोला के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में तीन अलग-अलग प्रवर्तन दलों को लगाया गया। एआरटीओ देहरादून पंकज श्रीवास्तव, एआरटीओ विकासनगर अनिल नेगी और परिवहन कर अधिकारी अनुराधा पंत अपनी टीमों के साथ कार्रवाई में मौजूद रहे। समाचार लिखे जाने तक अभियान जारी था।


रात्रि नौ बजे शुरू हुए अभियान में खास तौर पर दिल्ली, हरियाणा और अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों की जांच की गई। अधिकारियों ने वाहन दस्तावेज, फिटनेस, नंबर प्लेट और ड्राइविंग नियमों के पालन की पड़ताल की। बिना नंबर प्लेट, टेम्परेरी नंबर प्लेट या एप्लाइड फार लिखकर चल रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

ओएनजीसी चौक पर एल्कोमीटर से जांच

ओएनजीसी चौक पर एल्कोमीटर के जरिए ड्रिंक एंड ड्राइव जांच अभियान भी चलाया गया। इसके अलावा रांग साइड वाहन चलाने, स्टाप लाइन पार करने और ज़ेब्रा क्रॉसिंग नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोककर चालान किए गए। कई वाहन चालकों को मौके पर यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।

खुद सड़क पर रहीं आरटीओ चमोला

अभियान के दौरान डा. अनीता चमोला स्वयं सड़क पर मौजूद रहीं और विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करते हुए कार्रवाई की निगरानी करती रहीं।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

आरटीओ ने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी वैध दस्तावेज साथ रखें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।