बीकानेर बॉर्डर पर अलर्ट: खाजूवाला में घूमता मिला डेनमार्क का नागरिक, JIC में सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं कड़ी पूछताछ

बीकानेर बॉर्डर पर अलर्ट: खाजूवाला में घूमता मिला डेनमार्क का नागरिक, JIC में सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं कड़ी पूछताछ

Danish National Found Roaming in Khajuwala

Danish National Found Roaming in Khajuwala

बीकानेर: Danish National Found Roaming in Khajuwala, राजस्थान की भारत पाकिस्तान बॉर्डर पर बढ़ते तस्करी के मामलों के चलते बीएसएफ अलर्ट मोड पर है। इसी बीच प्रदेश के बीकानेर से फिर सनसनीखेज खबर मिली है। यहां भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकटवर्ती खाजूवाला क्षेत्र में एक विदेशी नागरिक के घूमने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि 4 अप्रैल को यहां डेनमार्क का एक युवक हिरासत में लिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में लिया है। फिलहाल उसे गहन पूछताछ के लिए जॉइंट इंटरोगेशन सेंटर (JIC) भेजा गया है।


जानिए क्या है पुलिस का कहना
खाजूवाला थाना पुलिस का कहना है कि खाजूवाला बाजार के हॉस्पिटल रोड पर एक विदेशी युवक को संदिग्ध रूप से घूमते देखा गया। चूंकि यह क्षेत्र संवेदनशील सीमावर्ती इलाका है और यहां आमतौर पर विदेशी पर्यटक नहीं आते, इसलिए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए BSF और अन्य खुफिया एजेंसियों को भी मौके पर बुला लिया गया। तलाशी के दौरान युवक के पास से कोई भी संदिग्ध वस्तु या हथियार बरामद नहीं हुआ।

पासपोर्ट-वीजा वैध, संदिग्ध क्षेत्र में घुसा युवक
प्राथमिक जांच में सामने आया कि युवक डेनमार्क का निवासी है। वह सितंबर में एक साल के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। उसके पास वैध पासपोर्ट और वीजा मिला है। लेकिन खाजूवाला पाकिस्तान सीमा के बेहद करीब (प्रोहिबिटेड एरिया) है। विदेशी नागरिकों को इस क्षेत्र में प्रवेश के लिए गृह मंत्रालय या संबंधित अधिकारियों से विशेष अनुमति की आवश्यकता होती है, जो इस युवक के पास नहीं थी, लिहाजा उससे पूछताछ की जा रही है।


थाने में रोने लगा विदेशी नागरिक
पूछताछ के दौरान युवक का व्यवहार काफी अजीब रहा। शुरुआत में उसने कुछ सवालों के जवाब अंग्रेजी में दिए, लेकिन फिर वह पूरी तरह चुप हो गया। थाने ले जाने पर वह घबरा गया और फूट-फूटकर रोने लगा। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि संभवतः जानकारी के अभाव में वह रास्ता भटककर या अनजाने में इस प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गया।


जानिए अब आगे क्या होगा
मामले की गंभीरता और सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए उसे बीकानेर स्थित JIC भेज दिया गया है। वहां सेना, पुलिस और खुफिया एजेंसियां संयुक्त रूप से उससे पूछताछ कर रही हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उसका इस क्षेत्र में आना केवल एक गलती थी या इसके पीछे कोई और मकसद है।