Cyber Fraud of ₹4.55 Lakh

फेसबुक आईडी हैक कर 4.55 लाख की साइबर ठगी, उत्तराखंड से आरोपी गिरफ्तार

undefined

Cyber Fraud of ₹4.55 Lakh

हरियाणा के फतेहाबाद में फेसबुक आईडी हैक कर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साइबर थाना फतेहाबाद की टीम ने मामले की जांच के दौरान उत्तराखंड के बाजपुर क्षेत्र के मुंडिया पिस्तौर निवासी गुलवेस अंसारी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार दमकौरा निवासी भगत सिंह ने नैशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता को जुलाई 2025 में उसके अमेरिका में रहने वाले परिचित की फेसबुक आईडी से पैसों की जरूरत बताकर संदेश भेजा गया। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल, बैंक खातों और क्यूआर कोड के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल 4 लाख 55 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।

बाद में जब शिकायतकर्ता ने अपने परिचित से संपर्क किया तो पता चला कि उसकी फेसबुक आईडी हैक हो चुकी थी और उसने किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद नहीं मांगी थी। इसके बाद साइबर ठगी का खुलासा हुआ। पुलिस ने तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।