लखनऊ में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पर 'क्रेडिट' और 'लॉजिस्टिक्स' का ब्रेक: जानें क्या है जमीनी हकीकत
Credit and logistics disrupt petrol and diesel supply in Lucknow
लखनऊ। एलपीजी की तरह डीजल और पेट्रोल का तो फिलहाल संकट नहीं दिख रहा है लेकिन इसके बावजूद शहर में कई पेट्रोल पंपों पर कुछ घंटों तक आपूर्ति बाधित रही। हजरतगंज के अलावा ठाकुरगंज और दूसरे क्षेत्रों में कई पंपों पर पेट्रोल और डीजल नहीं होने की सूचना लगी देखी गई।
बताया गया कि तेल कंपनियों ने क्रेडिट पर आपूर्ति पर पूरी तरह रोक लगा दी है। इसके अलावा डिपो से भी टैंकर निकलने में समय लग रहा है इस कारण से कई पंप ड्राई हो गए। हालांकि इंडियन आयल का कहना है कि सभी डिपो में पर्याप्त स्टाक कई दिनों के लिए है इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।
लखनऊ में एलपीजी के संकट के बीच डीजल और पेट्रोल के भी स्टाक की लगातार समीक्षा की जा रही है। डीएम विशाख जी खुद लगातार तेल कंपनियों के साथ बैठकें कर रहे हैं। तेल कंपनियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि कहीं पर भी स्टाक की कमी नहीं है।
लखनऊ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह का कहना है कि डीजल और पेट्रोल की कमी तो नहीं है लेकिन डिपो से टैंकर मिलने में देरी हो रही है। इस वजह से जो पंप डिपो से दूर हैं वहां पर समस्या हो सकती है। इसके अलावा तेल कंपनियों ने क्रेडिट देना भी बंद कर दिया है जो भी एक कारण हो सकता है। अब कंपनियां पूरा पैसा लेने के बाद ही डिमांड आगे बढ़ाएंगी।