Punjab Congress Candidates- पंजाब में कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट; प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग को यहां से टिकट

पंजाब में कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट; प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग को यहां से टिकट, 4 सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

Congress Released Third List Punjab Candidates Lok Sabha Chunav 2024

Congress Released Third List Punjab Candidates Lok Sabha Chunav 2024

Punjab Congress Candidates: पंजाब में लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की है। पंजाब में कांग्रेस की यह तीसरी लिस्ट है। जिसमें 4 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवार मैदान में उतारे गए हैं। पार्टी हाईकमान ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को लुधियाना से उम्मीदवार बनाया है।

वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को गुरदासपुर से उम्मीदवार घोषित किया गया है। इसी प्रकार खडूर साहिब से कुलबीर जीरा और आनंदपुर साहिब से विजय इंदर सिंगला को टिकट दिया गया है। जबकि फिरोजपुर लोकसभा सीट पर अभी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। यहां अभी पेंच फंसा हुआ है। पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से अब तक 12 सीटों पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार उतार दिये हैं।

पंजाब में कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों को जानिए

कांग्रेस ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को जालंधर सीट से, आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और सांसद धर्मवीर गांधी को पटियाला से, जीत मोहिंदर सिंह सिद्धू को बठिंडा से, सुखपाल सिंह खैरा को संगरूर से, गुरजीत सिंह औजला को अमृतसर सीट से, अमर सिंह को फतेहगढ़ साहिब से, होशियारपुर से यामिनी गोमर, फरीदकोट से अमरजीत कौर को उम्मीदवार बनाया है।

पंजाब में AAP के सभी उम्मीदवार घोषित

पंजाब में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने कुल 13 लोकसभा सीटों के लिए अपने सभी उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। आप ने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग को आनंदपुर साहिब से उम्मीदवार बनाया है। वहीं होशियारपुर से आम आदमी पार्टी ने डॉ राजकुमार चब्बेवाल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर को संगरूर संसदीय क्षेत्र से आप का उम्मीदवार बनाया गया है।

वहीं अन्य कैबिनेट मंत्रियों में कुलदीप सिंह धालीवाल को अमृतसर से, डॉ. बलबीर सिंह को पटियाला से, गुरुमीत सिंह खुदियां को बठिंडा से और लालजीत सिंह भुल्लर को खडूर साहिब से मैदान में उतारा गया है। वहीं हाल ही में आप में शामिल हुए पूर्व कांग्रेस विधायक गुरपीत सिंह जीपी को फतेहगढ़ साहिब से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।

इसके अलावा पंजाबी अभिनेता करमजीत अनमोल फरीदकोट से पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। इसी प्रकार आप ने फिरोजपुर से जगदीप सिंह काका, गुरदासपुर से अमनशेर सिंह, जालंधर से पवन कुमार टीनु और लुधियाना से अशोक प्राशर को उम्मीदवार बनाया है।

पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटें AAP की होंगी

सीएम भगवंत मान का दावा है कि, पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटें AAP की होंगी। इस लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के सामने कोई पार्टी नहीं टिकने वाली। इसलिए 13-0 का मुक़ाबला है। मालूम रहे कि, आम आदमी पार्टी ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड बहुमत हासिल किया था। पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से आप के खाते में 92 सीटें गईं थीं।