Congress brainstorming: Making new faces candidates will ensure victory

Himachal : कांग्रेस का मंथन: नए चेहरों को उम्मीदवार बनाने पर जीत होगी सुनिश्चित, कांग्रेस मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व और सरकार की नीतियों के नाम पर मांगे जाएंगे वोट

Lok-Sabha-Election-2024

कांग्रेस का मंथन: नए चेहरों को उम्मीदवार बनाने पर जीत होगी सुनिश्चित, कांग्रेस मुख्यमंत्री ठाकुर सुख

Congress brainstorming: Making new faces candidates will ensure victory : शिमला। हिमाचल में होने वाले लोकसभा और विधानसभा के उपचुनाव में जीत के लिए कांग्रेस नए चेहरों को मैदान में उतारने की रणनीति पर काम कर  रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह की रणनीति यही होगी कि विधानसभा के उपचुनावों में पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता और युवा नेताओं को मौका दिया जाए। जनता के बीच नया चेहरा सामने होगा तो परिणाम बेहतर होंगे। यह तो तय ही है कि चुनावों में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व और कांग्रेस सरकार के कामकाज और नीतियों को लेकर वोट मांगे जाएंगे। जनता के बीच नया चेहरा होगा तो संगठन में भी स्वीकार्यता बनेगी और जनता के बीच साधारण युवा के चेहर के साथ जाने से फायदा होगा।

प्रदेश में होने वाले विधानसभा के 6 सीटों पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाने को लेकर मंथन चल रहा है। जिसमें धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से पूर्व मेयर देवेंदर जग्गी का नाम सबसे आगे चल रहा है। वहीं कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से युवा नेता विवेक शर्मा का नाम लगभग तय है। आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुनावी रैली की शुरुआत भी कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से की और विवेक शर्मा को उम्मीदवार के रुप में सामने रखा। गगरेट विधानसभा क्षेत्र से अभी तक नए चेहरों को लेकर मंथन चल रहा है। इसके साथ ही पूर्व विधायक राकेश कालिया के नाम की भी चर्चा है। राकेश कालिया गत विधानसभा चुनावों में टिकट न मिलने पर कांग्रेस छोडक़र भाजपा में चले गए थे और अब उपचुनावों में भाजपा का टिकट कांग्रेस के बागी चैतन्य शर्मा को मिलने पर कालिया ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। संभावना यही है कि कालिया जल्द की कांग्रेस में शामिल होंगे। कालिया को कांग्रेस से टिकट दी जाए, इसके लिए भी मंथन चल रहा है। लाहौल स्फीति से उम्मीदवार बनाने को लेकर मुख्यमंत्री ने स्थानीय कांग्रेसी नेताओं के साथ मंथन किया है। वहीं पूर्व भाजपा सरकार में मंत्री रहे रामलाल मारकंडे के नाम को लेकर भी मंथन चल रहा है। कांग्रेस के बागी रवि ठाकुर को भाजपा का टिकट मिलने पर मारकंडे ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया और चुनाव लडऩे का ऐलान किया है। मारकंडे ने यह भी संभावना व्यक्त की है कि वह कांग्रेस पार्टी से भी चुनाव लड़ सकते हैं या आजाद उम्मीदवार के रुप में चुनाव लड़ेंगे। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से युवा नेता अरुण ठाकुर भी दावेदारी जता रहे हैं। अरुण ठाकुर ने जनसंपर्क अभियान शुरु कर दिया है और बीते कल हमीरपुर से सुजानपुर तक रोड शो कर शक्तिप्रदर्शन भी किया है। इसके साथ ही भाजपा के पूर्व प्रत्याशी रहे कैप्टन रंजीत राणा के भी कांग्रेस में आने की चर्चाएं हैं। भाजपा का टिकट राजेंद्र राणा को मिलने पर रंजीत राणा ने आजाद चुनाव लडऩे का ऐलान किया है। इसके साथ ही पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया का नाम भी शामिल है। वहीं बड़सर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी नए नेता को उम्मीदवार बनाने पर मंथन कर रही है। अब देखना होगा कि कांग्रेस नेताओं के मंथन में कौन नेता जिताऊ उम्मीदवार की कसौटी पर खरा साबित होता है और पार्टी उसे उम्मीदवार घोषित करती है।

लोकसभा के उम्मीदवरों को लेकर मंथन

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की चार सीटों पर उम्मीदवार तय करने के लिए कांग्रेस  पार्टी के नेता मंथन में जुटे हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र से वर्तमान सांसद व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह का नाम तय माना जा रहा है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा का नाम नंबर वन पर है। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से राजेश शर्मा और पूर्व मंत्री आशा कुमारी का नाम चल रहा है तो शिमला आरक्षित संसदीय क्षेत्र से कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी और पच्छाद क्षेत्र की कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी का नाम चर्चा में है।

टिकट को लेकर दिल्ली में 6 को मीटिंग

हिमाचल प्रदेश के लोकसभा और विधानसभा के उपचुनाव में उम्मीदवरों को लेकर दिल्ली में 6 अप्रैल को मीटिंग होनी तय है। मीटिंग में राष्ट्रीय नेताओं के साथ मुख्यमंत्री सुक्खू, प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शामिल होंगे। जिससे संभावना है कि 6 की मीटिंग के बाद जल्द ही उम्मीदवरों की घोषणा होगी। भाजपा ने अपने सभी उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। 

 

ये भी पढ़ें.....

Himachal : कांग्रेस के बागियों को लेकर भाजपा में बगावत बनी मुसीबत, कांग्रेस के बागियों को उपचुनाव में टिकट देने से खफा है पूर्व भाजपा प्रत्याशी

 

 

ये भी पढ़ें.....

Himachal : मतदान हमारा अधिकार ही नहीं जिम्मेदारी भी, एकलव्य कला मंच के कलाकारों ने दिया मतदाता जागरूकता संदेश