जम्मू में कांग्रेस का सरकार पर हमला: पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए गंभीर सवाल
Congress attacks government in Jammu
जम्मू। Congress attacks government in Jammu, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान प्रधान तारिक हमीद करा ने मोदी सरकार पर शिक्षा के व्यवसायीकरण और नीट-यूजी सहित अन्य प्रतिष्ठित परीक्षाओं के बार-बार पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी 20 जिलों तथा विधानसभा स्तर पर कैंडल मार्च निकालेगी और नीट-यूजी के 21 अभ्यर्थियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या की है। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, जिम्मेदारी तय करने और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष कार बिश्नाह में जिला कांग्रेस कमेटी जम्मू शहरी के पूर्व मंत्री योगेश साहनी तथा जिला कांग्रेस कमेटी जम्मू ग्रामीण के अध्यक्ष नीरज कुंदन के नेतृत्व में रविवार को आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
युवाओं का भविष्य प्रभावित होने का आरोप
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में पूरी शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली का व्यवसायीकरण हो गया है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निराशा के चलते कई छात्र आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।
करा ने दावा किया कि देश में 90 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन हर बार केवल दोबारा परीक्षा कराकर मामला समाप्त कर दिया जाता है। न तो किसी की जवाबदेही तय होती है और न ही आवश्यक सुधार किए जाते हैं। पेपर लीक से न केवल छात्रों का भविष्य खराब होता है, बल्कि उनके अभिभावकों पर भी आर्थिक बोझ पड़ता है।
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने छात्रों और युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए देशभर में यह अभियान शुरू किया है, ताकि छात्र अपनी समस्याएं सामने रख सकें। कार्यक्रम की कार्यक्रम की शुरुआत में वर्तमान शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली की चुनौतियों, छात्रों और अभिभावकों पर पड़ रहे मानसिक एवं आर्थिक बोझ तथा भविष्य की अनिश्चितता पर प्रस्तुति दी गई।
कोटा में छात्रों के साथ राहुल गांधी की बातचीत का वीडियो दिखाया गया
साथ ही कोटा में छात्रों के साथ राहुल गांधी की बातचीत का वीडियो भी दिखाया गया। नीरज कुंदन ने कहा कि सरकार और उसकी एजेंसियों द्वारा युवाओं के साथ किए जा रहे कथित अन्याय के खिलाफ देश को जागरूक होना होगा।
योगेश साहनी ने कहा कि बच्चों के अधिकारों और सुरक्षित भविष्य की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में कथित रूप से आत्महत्या करने वाले नीट अभ्यर्थियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
'मंदिरों में चंदा चोरी या नीट-यूजी पेपर लीक कोई मुद्दा नहीं'
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान तारिक हमीद करा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मंदिरों में चंदा चोरी होने से लाखों-करोड़ों लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है मगर सरकार के लिए चंदा चोरी या पेपर लीक कोई मुद्दा ही नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका जमीर क्या होगा जिन्होंने मंदिरों को भी नहीं छोड़ा।
करा ने कहा कि मंदिरों में आस्था के साथ लोग हजारों- करोड़ दान करते है। जिस सरकार ने मंदिरों को नहीं बख्शा, उस सरकार के लिए पेपर लीक क्या मुद्दा हो सकता है। जिस देश में मंदिरों में धनराशि की चोरी हो, उस देश में पेपर लीक कौन से बड़ी बात है।
धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा क्यों नही दिया, यह हम सोचते थे, उनका जमीर क्यों नहीं जागा, आज पता चला कि जमीर क्यों नहीं जागा, जो मंदिरों को नहीं बख्शते, उनके लिए पेपर व विद्यार्थियों का कोई मूल्य नहीं है।