बागपत में गणित के एक जैसे अंक देख कॉलेज स्टाफ भी हुआ हैरान, 44 छात्राओं को मिले समान नंबर
College staff in Baghpat were surprised to see identical math scores
बागपत। यूपी बोर्ड का गणित कहें या संयोग लेकिन एक स्कूल की 44 छात्राओं के गणित में बराबर अंक आने से हर कोई हैरान है। ऐसा प्रतीत होता है कि परीक्षक गहनता से मूल्यांकन करने के बजाय एक जैसे अंक देता चला गया। भला सभी बेटियों की गणित में बौद्धिक क्षमता कैसे हो सकती है...।
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बागपत में हाईस्कूल में 174 छात्राओं ने हाईस्कूल की परीक्षा दी। इनमें से 44 छात्राओं के पास गणित विषय है। गुरुवार शाम जैसे ही परिणाम घोषित हुआ वैसे ही कॉलेज स्टाफ ने बोर्ड की साइट से परीक्षा परिणाम डाउनलोड किया।
परीक्षा परिणाम आता गया और प्रधानाचार्य तथा अन्य स्टाफ की हैरानी बढ़ती गई, क्योंकि हर छात्रा के गणित में एक जैसे अंक आए। इन 44 छात्राओं के लिखित परीक्षा में 70 में से 23-23 अंक मार्कशीट पर अंकित मिले। आंतरिक मूल्यांकन में 30-30 अंक पहले ही कॉलेज की ओर से दिए गए थे।
आरफिन तबस्सुम, आनिया शर्मा, आयुषी, अफसरा, अंशिका, चंचल, दीपांशी, दिलशाना, हेमा समेत हर छात्रा के गणित में कुल 53 अंक आए। कॉलेज स्टाफ ही नहीं जो भी सुनता वही चौंके बिना नहीं रहता। हर कोई यही कहते सुना कि ये तो कमाल का गणित है...जहां गणित की महारत में कोई भी छात्रा किसी से न आगे है न पीछे।
प्रधानाचार्य डॉ. प्रीति शर्मा ने पुष्टि करते हुए कहा कि बराबर-बराबर अंक आने से ऐसा प्रतीत होता है कि परीक्षक ने उत्तर पुस्तिकाओं का अंदर के पृष्ठों का मूल्यांकन करने के बजाय ऊपर के पृष्ठ पर एक जैसे अंक दिए जो जांच का विषय है। विभागीय अधिकारियों को इससे अवगत कराएंगी।
कॉलेज का शानदार परिणाम
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बागपत का हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 97 प्रतिशत रहा। क्रिस्टी ने 83.8 प्रतिशत, माही ने 76 प्रतिशत तथा सलोनी ने 75.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर हाईस्कूल की परीक्षा पास की।
इंटरमीडिएट का परीक्षाफल 94 प्रतिशत रहा है। सना ने 75.2 प्रतिशत अंक, सानिया ने 74.4 प्रतिशत तथा अनब ने 73.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर परीक्षा पास की। परीक्षा पास करने वाली सभी बेटियों को प्रधानाचार्य ने बधाई देते हुए आगे की पढ़ाई जारी रखने की अपील की है।