गोरखपुर: सीएम योगी उत्तर प्रदेश में विश्वविद्यालय परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे
CM Yogi to Inaugurate University Projects in Uttar Pradesh
गोरखपुर। CM Yogi to Inaugurate University Projects in Uttar Pradesh, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बुधवार को विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले परिसर के आइटीआरसी भवन में 4.67 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित साइबर जांच एवं अनुसंधान केंद्र का लोकार्पण करेंगे। इसी क्रम वह चिन्हित स्थल पर पहुंचकर पहुंचकर एसी महिला हास्टल का भूमिपूजन कर नींव रखेंगे।
यह हास्टल पावर ग्रिड कार्पोरेशन आफ इंडिया द्वारा सामाजिक दायित्व योजना के अंतर्गत 13.67 करोड़ रुपये की लागत से बनवाया जा रहा है और निर्माण कार्य एनबीसीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। 144 क्षमता वाले इस वातानुकूलित छात्रावास में तीन शैय्या वाले 48 कक्ष, आंतरिक बैडमिंटन कक्ष, मेज टेनिस कक्ष, संगीत कक्ष, व्यायामशाला तथा डिजिटल पुस्तकालय की सुविधाएं होंगी। यह निर्माण सरस्वती भवन हास्टल के सामने खाली भूमि पर कराया जा रहा है और यह विश्वविद्यालय का छठा महिला छात्रावास होगा।
इसके पश्चात बहुउद्देशीय सभागार में शोध उत्कृष्टता सम्मान समारोह आयोजित होगा। जुलाई से दिसंबर 2025 के बीच दो या उससे अधिक प्रभावांक वाले 144 शोधपत्र प्रकाशित करने वाले 106 शिक्षक एवं विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें से पांच को मुख्यमंत्री मंच से सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर कुलपति प्रो. जेपी सैनी विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत करेंगे और मुख्यमंत्री विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को संबोधित करेंगे।
कुलपति प्रो. सैनी ने बताया कि हास्टल निर्माण के लिए पावरग्रिड के साथ 26 अगस्त 2025 को राज्यपाल की उपस्थिति में समझौता हुआ था और अब मुख्यमंत्री के हाथों शिलान्यास होना विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल, मत्स्य मंत्री संजय निषाद और महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव की भी मौजूदगी रहेगी।
प्रदेश सरकार की नौ साल की उपलब्धियां गिनाएंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में वह सरकार की उपलब्धियां गिनाएंगे।
आगामी चुनाव में उन उपलब्धियों की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए उन्हें प्रेरित करेंगे। शाम तीन बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा की ओर से तैयारी की जा रही है।