सीएम योगी बोले- पिछली सरकारों की गलतियों को सुधारा, अब यूपी को बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढ़ाने का समय

सीएम योगी बोले- पिछली सरकारों की गलतियों को सुधारा, अब यूपी को बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढ़ाने का समय

1000217014

CM Yogi said – we have rectified the mistakes of previous governments,

लखनऊ। CM Yogi said – we have rectified the mistakes of previous governments, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि हमने पिछली सरकारों के पाप के गड्ढों को भरा है। अब डबल इंजन की सरकार को बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढ़ाने की बारी है। किसी भी राष्ट्र की आर्थिक प्रगति उसकी मैन्युफैक्चरिंग शक्ति पर निर्भर करती है। उद्योग और उद्यमिता मजबूत होंगे तो रोजगार, निवेश और समृद्धि बढ़ेगी। दुनिया के अधिसंख्य संघर्षों और युद्ध के पीछे भी आर्थिक हित ही प्रमुख कारण रहे हैं। कोई भी देश अपने उद्यमियों की उपेक्षा नहीं कर सकता।

सोमवार को मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में आयोजित कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआइआइ) की वार्षिक बिजनेस समिट-2026 में उत्तर प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक परिवर्तन की तस्वीर पेश की। उन्होंने कहा कि आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। 75 वर्ष पहले आज के दिन ही प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ महादेव की प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा पुनर्प्रतिष्ठा की गई थी। आज ही के दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पोखरण में परमाणु परीक्षण के माध्यम से ‘आपरेशन शक्ति’ का प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि जिसके पास शक्ति होगी वही करुणा व मैत्री का मार्ग भी प्रशस्त कर पाएगा। केवल हाथ फैलाने, गिड़गिड़ाने से दुनिया हमें गंभीरता से नहीं लेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था, जब उत्तर प्रदेश अपनी पहचान के संकट से जूझ रहा था। प्रदेश का नाम सुनते ही लोग दूरी बना लेते थे। कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब थी कि हर वर्ष 300 से अधिक दंगे होते थे। उद्यमी पलायन करने को मजबूर थे। उत्तर प्रदेश के नाम के आगे ‘उत्तर’ था, लेकिन स्वयं उसके ऊपर अनेक प्रश्नचिह्न लगे हुए थे। प्रदेश दंगों, माफिया राज, गुंडा टैक्स और पलायन की पहचान बन चुका था।

उन्होंने बताया कि जब वह पहली बार सांसद बने थे और गोरखपुर के बंद पड़े खाद के कारखाने को शुरू कराने के लिए तत्कालीन केंद्रीय मंत्री से मिले, तो उनसे पूछा गया कि यूपी में चुनाव जीतकर आए हैं, कितने लोगों का मर्डर हुआ था? यह उस दौर के उत्तर प्रदेश की छवि थी। 2017 में प्रधानमंत्री ने जब उन्हें उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी, तब उनके पास प्रशासनिक अनुभव नहीं था।

कहा, मैं तो मठ चलाता था, लेकिन मठ प्रबंधन का अनुभव मुझे प्रदेश चलाने में बड़ी सहायता कर रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रयागराज का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय ऐसी स्थिति थी कि एक माफिया ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के काफिले तक को रुकवा दिया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सरकार ने बड़े निवेशों को आकर्षित करने के लिए लैंड बैंक तैयार किया है। उद्योगों के लिए स्पष्ट नीतियां बनाई। 2018 में शुरू की गई एक जिला एक उत्पाद योजना आज प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिला रही है।

समिट में योगी मॉडल की सराहना

समिट में उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों की सराहना की। सीआइआइ के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षों में भारत की आर्थिक प्रगति में अहम योगदान दिया है। सीआइआइ के अध्यक्ष राजीव मेमानी ने कहा कि अब देश और विदेश के उद्योगपति उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं। उन्होंने सरकार की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यशैली की भी सराहना की। कार्यक्रम में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं का विशेष उल्लेख किया गया।