Punjab Cabinet Meeting Canceled: सीएम भगवंत मान की तबीयत और बिगड़ी; आज होने वाली पंजाब कैबिनेट की बैठक रद्द

सीएम भगवंत मान की तबीयत और बिगड़ी; आज होने वाली पंजाब कैबिनेट की अहम बैठक रद्द, सभी दौरे भी रोके गए, इलाज चल रहा

CM Bhagwant Mann Health More Deteriorates Punjab Cabinet Meeting Canceled

CM Bhagwant Mann Health More Deteriorates Punjab Cabinet Meeting Canceled

Punjab Cabinet Meeting Canceled: एक तरफ जहां पंजाब बाढ़ के विकराल संकट से जूझ रहा है तो वहीं इस बीच सूबे के सीएम भगवंत मान की सेहत को लेकर चिंताजनक खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि, सीएम मान की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई है। स्थिति यह है कि सीएम की तबीयत बिगड़ने के चलते आज 4 बजे तय पंजाब कैबिनेट की अहम बैठक को रद्द करना पड़ा है। फिलहाल के लिए ये बैठक टाल दी गई है। बैठक को लेकर नई तारीख की कोई जानकारी अभी नहीं आई है।

सीएम भगवंत मान को हुआ क्या है?

बता दें कि, बीते कल सीएम मान की तबीयत अचानक बिगड़ने की खबर सामने आई थी। हालांकि, जहां यह जानकारी कल भी नहीं मिल पाई कि वास्तव में सीएम भगवंत मान को हुआ क्या है? वहीं आज भी सीएम मान की तबीयत को लेकर कुछ पता नहीं चल सका है। आखिर किस बीमारी से सीएम मान जूझ रहे हैं, उन्हें मौसम बदलने के चलते वायरल हुआ है या कोई इन्फेक्शन या अन्य गंभीर बीमारी से वह पीड़ित हो गए हैं? अभी कुछ पता नहीं। सीएमओ की तरफ से सीएम को लेकर मेडिकल बुलेटिन जल्दी जारी किया जा सकता है। तभी सब स्पष्ट हो पाएगा।

CM आवास पर ही चल रहा इलाज

जानकारी मिल रही है कि सीएम मान का इलाज फिलहाल चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास पर ही चल रहा है। वह लगातार डॉक्टरों की निगरानी में हैं। डॉक्टरों की सलाह पर सीएम भगवंत मान के सभी दौरे फिलहाल के लिए रद्द कर दिए गए हैं। ऐसे में वह बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर भी नहीं जा पा रहे हैं। जबकि दो दिन पहले तक सीएम भगवंत मान बाढ़ प्रभावित इलाकों का लगातार दौरा कर रहे थे। साथ ही वह बाढ़ पीड़ितों से मिल उनका हालचाल जान रहे थे। उन्हें हौंसला दे रहे थे।

केजरीवाल ने की थी मुलाकात

AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे के लिए बीते कल पंजाब पहुंचे हुए थे। उन्हें सीएम मान के साथ दौरे पर निकलना था लेकिन सीएम की हालत नासाज देख केजरीवाल कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर निकल गए थे। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात भी की थी और उनकी सेहत को लेकर जानकारी ली थी। केजरीवाल सीएम आवास पर भगवंत मान से मुलाकात करने पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ पंजाब आप प्रधान और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि, पूर्व में सीएम मान काफी बीमार हो गए थे। सीएम भगवंत मान की इस कदर तबीयत बिगड़ गई थी कि उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह काफी समय यहां भर्ती रहे। इसके बाद से उनके नियमित टेस्ट किए जाते रहे। वहीं इससे पहले एक बार दिल्ली दौरे के दौरान भी CM भगवंत मान की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। जिसके बाद उन्हें चंडीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और इसके बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।