उत्तराखंड में फटा बादल, दो लोगों की हुई मौत, दुकानें-बाजार भी तबाह
- By Gaurav --
- Saturday, 23 Aug, 2025

Cloud burst in Uttarakhand, two people died, shops and markets also destroyed
Cloud burst in Uttarakhand: उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली में शुक्रवार देर रात बादल फटने से तबाही मच गई। यह हादसा रात 1 से 2 बजे के बीच हुआ। इससे आसपास के सागवाड़ा और चेपड़ों गांव प्रभावित हुए।
चमोली के डीएम संदीप तिवारी के अनुसार, थराली तहसील मुख्यालय के एक किलोमीटर के दायरे में स्थानीय नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई जगहों पर नुकसान हुआ। चेपड़ों गांव से एक व्यक्ति लापता है। सागवाड़ा में मलबा गिरने से एक लड़की दब गई। दोनों गांवों के लगभग 70-80 घरों में करीब 2 फीट तक मलबा भर गया।
मिंग गधेरा के पास मलबा आने से कर्णप्रयाग-ग्वालदम नेशनल हाईवे बंद हो गया है। उत्तराखंड में पिछले 18 दिनों में यह दूसरी घटना है। 5 अगस्त को धराली में हुए बादल फटने में 5 लोगों की मौत हुई थी और 100 से अधिक लोग लापता हुए थे।
मौसम विभाग ने 19 राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड में मध्यम बारिश की संभावना है।
राजस्थान के 9 जिलों में शनिवार को स्कूल बंद रहेंगे। हिमाचल प्रदेश में 23 से 26 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। वहां बारिश और लैंडस्लाइड से 347 सड़कें बंद हैं। 20 जून से अब तक 295 लोगों की मौत हो चुकी है।