चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026: केवल झारखंडी फिल्मों को मिलेगा मंच; ₹2.70 लाख की पुरस्कार राशि का एलान

चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026: केवल झारखंडी फिल्मों को मिलेगा मंच; ₹2.70 लाख की पुरस्कार राशि का एलान

Chitrapata Jharkhand Film Festival 2026

Chitrapata Jharkhand Film Festival 2026

रांची। Chitrapata Jharkhand Film Festival 2026, चित्रपट झारखंड की ओर से इस वर्ष भी फिल्म फेस्टिवल का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य भारतीय सिनेमा और समाज के बीच एक सार्थक, संवेदनशील एवं रचनात्मक संवाद स्थापित करना है।

यह कहना है फिल्म फेस्टिवल के निदेशक नंद कुमार सिंह का। 26, 27 एवं 28 जून 2026 को सरला बिरला विश्वविद्यालय, रांची परिसर में आयोजित होने वाले फिल्म फेस्टिवल को लेकर नंद कुमार रविवार को विश्व संवाद केंद्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

इस अवसर पर आयोजन समिति के सचिव सुमित मित्तल, उपाध्यक्ष अशोक गड़ोदिया, विभाग प्रचार प्रमुख विवेक कुमार, महानगर प्रचार प्रमुख स्निग्ध कुमार रंजन, शैलेंद्र भट्ट, तन्मय कुमार सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से प्रभावित चित्रपट झारखंड की ओर से पिछले वर्ष भी फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया गया था, जिसमें झारखंड में निर्मित 60 फिल्में दिखाई गई थी। इस तरह का आयोजन देश के सभी राज्यों में किया जाता है।

नंद कुमार ने कहा कि इस फेस्टिवल की प्रमुख विशेषता यह है कि इसमें केवल झारखंड में निर्मित फिल्मों को ही प्रदर्शित किया जाएगा। अन्य राज्यों से प्राप्त प्रविष्टियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को एक सशक्त और केंद्रित मंच प्रदान किया जा सके।

फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य उभरते और रचनात्मक फिल्म निर्माताओं को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे अपनी सृजनात्मक अभिव्यक्ति को सिनेमा के माध्यम से समाज के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकें।

यह आयोजन समाज के प्रति उत्तरदायी एवं विचारशील सिनेमा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। तीन श्रेणियों में फिल्मों को दिखाने की व्यवस्था की गई है। सभी श्रेणियों में उत्कृष्ट फिल्मों को पुरस्कृत किया जाएगा, जिसके अंतर्गत कुल 2,70,000 की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।


इन श्रेणियों में होगा प्रदर्शन

  • लघु फिल्म (अधिकतम अवधि: 20 मिनट)
  • वृत्तचित्र (डाक्यूमेंट्री) (अधिकतम अवधि: 30 मिनट)
  • कैंपस फिल्म (विद्यार्थियों द्वारा निर्मित, अधिकतम अवधि: 15 मिनट)

कार्यशालाओं का होगा आयोजन

उन्होंने कहा कि फेस्टिवल के दौरान प्रतिभागियों के लिए सेमिनार, मास्टर क्लास एवं कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जाएगा, जहां सिनेमा निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसके अंतर्गत चयनित फिल्मों का प्रदर्शन, विषयगत परिचर्चा, युवा फिल्म निर्माताओं के साथ संवाद सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नेटवर्किंग के अवसर भी उपलब्ध होंगे।

फिल्मों का चयन एक निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत किया जाएगा, जिसमें सामाजिक प्रभाव उत्पन्न करने वाली फिल्मों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इच्छुक प्रतिभागी फिल्म फेस्टिवल से संबंधित विस्तृत जानकारी, पंजीकरण प्रक्रिया एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइट अथवा गूगल फार्म के माध्यम से निर्धारित शुल्क के साथ अपनी प्रविष्टियां जमा कर सकते हैं।