चंडीगढ़ में गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, नगर निगम ने जारी किया WhatsApp हेल्पलाइन नंबर

1000261964

Strict action to be taken against those littering in Chandigarh

Strict action to be taken against those littering in Chandigarh, चंडीगढ़ को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम ने खुले में कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। डीप क्लीनिंग ड्राइव को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम ने एक WhatsApp हेल्पलाइन नंबर 9915762917 जारी किया है।

अब शहर का कोई भी नागरिक सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने, निर्माण मलबा डालने या गंदगी फैलाने वालों की फोटो अथवा वीडियो इस नंबर पर भेजकर शिकायत दर्ज करा सकता है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

प्राप्त फोटो और वीडियो की जांच के बाद दोषियों की पहचान कर म्यूनिसिपल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम का उद्देश्य नागरिकों की भागीदारी बढ़ाकर शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।

नागरिकों से स्वच्छता वॉरियर बनने की अपील

नगर निगम आयुक्त अमित कुमार (आईएएस) ने शहरवासियों से अभियान में सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि केवल निगम के प्रयासों से शहर को पूरी तरह स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता, इसके लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां भी कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकता या गंदगी फैलाता दिखाई दे, उसकी सूचना तुरंत नगर निगम को दें। यह पहल प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता वॉरियर बनने का अवसर देती है और सामूहिक प्रयासों से ही चंडीगढ़ की स्वच्छ और हरित पहचान को कायम रखा जा सकता है।

कई डिजिटल माध्यमों से दर्ज करा सकेंगे शिकायत

नगर निगम ने शिकायत दर्ज कराने के लिए केवल WhatsApp ही नहीं, बल्कि अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म भी उपलब्ध कराए हैं। नागरिक Swachhata App के माध्यम से कचरा न उठने, सफाई व्यवस्था और अन्य स्वच्छता संबंधी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं।

वहीं I’m Chandigarh App पर वेस्ट कलेक्शन, सफाई सेवाओं और सैनिटेशन से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी एवं शिकायतों की निगरानी की जा सकती है। नगर निगम का कहना है कि इन सभी माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों की ओर से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

डीप क्लीनिंग ड्राइव पर विशेष जोर

निगम इन दिनों शहरभर में डीप क्लीनिंग ड्राइव चला रहा है। इसके तहत सड़क किनारे, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों की विशेष सफाई कराई जा रही है। निगम का मानना है कि यदि नागरिक भागीदारी निभाएं और नियम तोड़ने वालों की जानकारी दें, तो कचरा फेंकने की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।