चंडीगढ़ सेक्टर-11 हत्याकांड में एक आरोपी पकड़ा! जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किए जाने की खबर, वारदात के बाद से शहर में दहशत का माहौल

Chandigarh Sector 11 Murder Case One Accused Arrested from Jammu Kashmir

Chandigarh Sector 11 Murder Case One Accused Arrested from Jammu Kashmir

Chandigarh Sector 11 Murder Case: चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्रीकुमार केमिस्ट शॉप के कैशियर जानकीदास की हत्या मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई तेज हो रखी है। इसी बीच सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आ रही है कि वारदात में शामिल एक आरोपी को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसकी पहचान राजौरी जिले से जुड़े सनी मेहरा के तौर पर सामने आई है। यह भी पता चलता है कि आरोपी वारदात से पहले दिल्ली के किसी रेस्टोरेंट में काम कर रहा था। आरोपी का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। फिलहाल अभी चंडीगढ़ पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। पुलिस इस पर जल्द ही जानकारी दे सकती है और सभी पहलुओं का खुलासा करेगी।

बदमाशों की नई CCTV फुटेज सामने आई

श्रीकुमार केमिस्ट शॉप के कैशियर जानकीदास पर गोलियों बरसाने से पहले बदमाशों की एक और CCTV फुटेज सामने आई है। जिसके मुताबिक बदमाशों ने सेक्टर-11 में एक अन्य केमिस्ट शॉप पर भी रेकी की। लेकिन वहां उन्होंने किसी वारदात को अंजाम नहीं दिया। कुछ समय इधर-उधर घूमने और देखने के बाद वह वहां से निकल गए। बदमाशों की चाल को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे वह किसी टारगेट की तलाश में थे। हालांकि अभी साफ तौर से कुछ भी कहना मुश्किल है और सही नहीं होगा। अब तो पुलिस की जांच में ही सारी परतें खुलेंगी। साथ ही यह भी मालूम चलेगा की इसमें कोई गैंगस्टर कनेक्शन और संगठित अपराध का संबंध है या नहीं।

कजहेड़ी के होटल में रुके थे बदमाश

मिली जानकारी के अनुसार, कैशियर जानकीदास की हत्या करने वाले बदमाश कजहेड़ी के होटल में रुके थे। इसके अलावा उनके द्वारा इलाके में खरीददारी भी की गई। चंडीगढ़ पुलिस कजहेड़ी और आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए और पूछताक्ष कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियाँ जोड़ रही है। बताया जाता है कि हत्या के बाद आरोपी शहर में काफी समय तक सक्रिय रहे। लेकिन पुलिस उन तक नहीं पहुँच सकी। अब खबर है कि बदमाशों का ताल्लुक जम्मू-कश्मीर के राजौरी से है। वहीं बताया जाता है कि हत्या की वारदात में बदमाशों ने तुर्की मेड आटोमेटिक जिगाना पिस्टल इस्तेमाल की। चंडीगढ़ में इस पिस्टल से की गई हत्या की संभवता यह पहली वारदात है।

एक के बाद एक हत्या की वारदातों से सहमे लोग

13 जून को दिनदहाड़े सेक्टर-11 के भरे बाजार में जो कुछ हुआ, उसके बाद शहर के लोगों के बीच दहशत की सुगबाहट साफ-साफ महसूस की जा रही है। खासकर चंडीगढ़ का व्यापारी वर्ग अधिक डर के साए में दिख रहा है। पिछले कुछ महीनों में चंडीगढ़ शहर के अलग-अलग हिस्सों में हत्या की वारदातें तेजी से बढ़ी हैं। एक के बाद एक हत्या की वारदातों से लोग सहम गए हैं। 13 जून को सेक्टर 11 हत्याकांड के बाद लगातार दूसरे दिन 14 जून रविवार को मौलीजागरां में कई युवकों ने एक युवक की तेजधार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। लगातार दो हत्याओं से शहर दहल उठा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

दिनदहाड़े दहल गया चंडीगढ़; बदमाशों ने केमिस्ट शॉप में घुसकर कैशियर पर सरेआम गोलियां बरसाईं, हत्या की वारदात का CCTV वीडियो