गाजियाबाद में सनसनी: रिश्ता टूटने से नाराज युवक ने दो सगी बहनों पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

firing-news-1781360217429-1781616482533-1781616489705_v

Sensation in Ghaziabad

Sensation in Ghaziabad:  खोड़ा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित वाल्मीकि चौक इलाके में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब शादी का रिश्ता टूटने से नाराज एक युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

घटना में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

तीन महीने पहले टूटा था रिश्ता 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल बहनों की पहचान निधि और खुशी के रूप में हुई है। खुशी का रिश्ता गाजियाबाद के पुराने बस अड्डा क्षेत्र निवासी जॉनी के साथ तय हुआ था, लेकिन करीब तीन माह पूर्व किसी कारणवश यह रिश्ता टूट गया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर जॉनी मंगलवार को खोड़ा स्थित उनके घर पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपित मकान की खिड़की के रास्ते घर के अंदर घुसा और चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से निधि और खुशी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

निधि के पेट, खुशी के जबड़े में लगी गोली 

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, निधि के पेट में जबकि खुशी के जबड़े में गोली लगी है। फायरिंग के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों बहनों का इलाज दिल्ली के एलबीएस अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

खोड़ा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे शादी का रिश्ता टूटने से उपजी रंजिश सामने आ रही है।