चंडीगढ़ अब वैसा नहीं रहा, जैसा था; लोग बोले- हम अनसेफ महसूस कर रहे, पता नहीं कब जानलेवा हमला हो जाए, व्यापारी ज्यादा दहशत में

चंडीगढ़ अब वैसा नहीं रहा, जैसा था; लोग बोले- हम अनसेफ महसूस कर रहे, पता नहीं कब जानलेवा हमला हो जाए, व्यापारी ज्यादा दहशत में

Chandigarh Police vs Criminals

Chandigarh Police vs Criminals Law and Order Failure Crime News

Chandigarh Police vs Criminals: ''हम मानते थे कि चंडीगढ़ सबसे सुरक्षित शहर है और यहां पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त है। लेकिन अब हमें ऐसा लगता है कि चंडीगढ़ वैसा नहीं रहा, जैसा पहले था। अब हम इस शहर में खुद को अनसेफ महसूस कर रहे हैं, अब तो ऐसा लगने लगा है कि पता नहीं कब, किस समय और कहां जानलेवा हमला हो जाए...'' आज ये शब्द चंडीगढ़ में रहने वाले लोगों के हैं। 13 जून को दिनदहाड़े सेक्टर-11 के भरे बाजार में जो कुछ हुआ, उसके बाद शहर के लोगों के बीच दहशत की सुगबुगाहट साफ-साफ महसूस की जा रही है. खासकर चंडीगढ़ का व्यापारी वर्ग अधिक डर के साए में दिख रहा है।

चंडीगढ़ में व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

सेक्टर-11 में सरेआम हत्या की वारदात से चंडीगढ़ में व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वारदात से दहशत में आए व्यापारी चंडीगढ़ पुलिस से सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग कर रहे हैं। बीते कल कमिस्ट एसोसिएशन ने डीजीपी से भी मुलाक़ात कर अपनी चिंता व्यक्त की है। व्यापारियों का कहना है कि रंगदारी मांगने, धमकाने जैसे मामलों पर सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा इस सबके बीच यह तय किया जाए कोई व्यापारी बदमाशों का निशाना न बनने पाए।

एक के बाद एक हत्या की वारदातों से सहमे लोग

पिछले कुछ महीनों में चंडीगढ़ शहर के अलग-अलग हिस्सों में हत्या की वारदातें तेजी से बढ़ी हैं। एक के बाद एक हत्या की वारदातों से लोग सहम गए हैं। हाल ही की बात करें तो 13 जून शनिवार को जहां सेक्टर-11 स्थित श्रीकुमार केमिस्ट शॉप के कैशियर को 2 बदमाशों ने दिनदहाड़े सरेआम गोलियों से भून मौत के घाट उतार दिया तो वहीं लगातार दूसरे दिन 14 जून रविवार को मौलीजागरां में कई युवकों ने एक युवक की तेजधार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। लगातार दो हत्याओं से शहर दहल उठा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

4 दिन हो गए, पुलिस के हाथ खाली के खाली

4 दिन हो गए और सेक्टर-11 श्रीकुमार केमिस्ट शॉप के कैशियर की हत्या मामले में आरोपी बदमाश अभी तक फरार हैं और चंडीगढ़ पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस उन्हें अभी तक नहीं पकड़ सकी है। बताया जाता है कि हत्या के बाद आरोपी शहर में काफी समय तक सक्रिय रहे। लेकिन पुलिस उन तक नहीं पहुँच सकी। अब खबर है कि बदमाशों का ताल्लुक जम्मू-कश्मीर के राजौरी से है और वो शहर से बाहर निकल चुके हैं। वहीं बताया जाता है कि हत्या की वारदात में बदमाशों ने तुर्की मेड आटोमेटिक पिस्टल इस्तेमाल की। वहीं यह भी जानकारी सामने आई है कि श्रीकुमार केमिस्ट में जाने से पहले बदमाश किसी और केमिस्ट शॉप में गए थे लेकिन वहां भीड़भाड़ ज्यादा देख इधर आ गए।

सवाल- बदमाशों को कब तक पकड़ पाएगी चंडीगढ़ पुलिस?

केमिस्ट शॉप के कैशियर जानकीदास के हत्यारों को चंडीगढ़ पुलिस कब तक पकड़ पाएगी। अब यह एक बड़ा सवाल है. जहां मृतक के परिवार के लोग यह सवाल कर रहे हैं तो वहीं शहर के लोग भी चंडीगढ़ पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि चंडीगढ़ पुलिस तेजी के साथ जांच-पड़ताल और आगामी कार्रवाई कर रही है। खुद डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा ने इस पूरे मामले की निगरानी की हुई है। शहर में छानबीन के लिए नाके लगाए जा रहे हैं। जगह-जगह सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चंडीगढ़ के आसपास के क्षेत्र की पुलिस से संपर्क कर भी मदद ली जा रही है। चंडीगढ़ पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।

चंडीगढ़ पुलिस के इकबाल पर सवाल

हत्या की इस वारदात में चंडीगढ़ पुलिस आरोपियों को पकड़ भी लेगी। लेकिन लोग अब चंडीगढ़ पुलिस के इकबाल पर सवाल दाग रहे हैं। लोगों का कहना है कि चालान काटने में आगे रहने वाली चंडीगढ़ पुलिस अपराध के आगे एकदम फिसड्डी साबित हो रही है। बदमाशों में चंडीगढ़ पुलिस का कोई खौफ, कोई डर ही नहीं है। अगर चंडीगढ़ पुलिस का इकबाल बुलंद हो तो शहर में वारदात करने से पहले बदमाशों के हौंसले अपने-आप पस्त पड़ जाएं और वो किसी वारदात को अंजाम देने से पहले सौ बार सोचें। लोगों ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस को अपराध पर ऐसी प्रभावी और रणनीतिक कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और बदमाश थर-थर कांपे।

दिनदहाड़े दहल गया चंडीगढ़; बदमाशों ने केमिस्ट शॉप में घुसकर कैशियर पर सरेआम गोलियां बरसाईं, हत्या की वारदात का CCTV वीडियो