चंडीगढ़-पंचकूला और मोहाली में रेड अलर्ट; भारी बारिश से सड़कें झील बनीं, कुछ जगहों पर पेड़ गिरे, सुखना लेक के फ्लड गेट खोले गए

Chandigarh Rain Red Alert Roads Closed Traffic Diversion

Chandigarh Rain Red Alert Roads Closed Traffic Diversion

Chandigarh Rain Red Alert: चंडीगढ़ में भारी बारिश का दौर लगातार जारी है। वहीं बीती रात से सुबह तक बारिश बहुत ज्यादा तेज हुई है। स्थिति यह है कि, मौसम विभाग ने बारिश को लेकर चंडीगढ़ के साथ-साथ पंचकूला और मोहाली समेत आसपास के इलाकों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। यह पहली बार है जब इस मानसून सीजन में बारिश का रेड अलर्ट चंडीगढ़ में जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को बेहद सतर्क व सावधान रहने को कहा है।

भारी बारिश से सड़कें झील बनीं, पेड़ गिरे

लगातार भारी बारिश के चलते सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में भी हालात बिगड़ते हुए देखे जा रहे हैं। भारी बारिश से कई जगहों पर सड़कें झील बन गईं हैं। यानि सड़कों पर बारिश का पानी इस कदर भरा है कि जिससे पैदल आवागमन तो प्रभावित हुआ ही है साथ ही वाहनों का ट्रैफिक भी बुरी तरह प्रभावित और बाधित हो रहा है। इस तरह से काम पर निकलने वाले लोगों को ख़ासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते शहर में कुछ जगहों पर पेड़ भी सड़कों पर गिरे हैं। जिससे भी ट्रैफिक के आवागमन पर असर पड़ रहा है।

सुखना लेक के फ्लड गेट खोले गए

भारी बारिश से सुखना लेक का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। जिससे बार-बार लेक के फ्लड गेट खोले जा रहे हैं। जिससे पानी का स्तर कम किया जा सके। लेकिन सुखना लेक के फ्लड गेट खुलने से शहर के सुखना चो (नाले) में पानी का ओवरफ्लो देखा जा रहा है। सुखना लेक से पानी छोड़ने की वजह से नाले के उफान पर आने से किशनगढ़ रोड और शास्त्री नगर लाइट पॉइंट की ओर बापू धाम के पीछे सुखना चो पर बने पुल के ऊपर पानी बह रहा है। जिससे सड़क पर आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया गया है।

चंडीगढ़ पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी

लगातार बारिश के चलते सड़कों पर भारी जलभराव, गड्ढों की मरम्मत और पेड़ों के गिरने के कारण संबंधित सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है या बहुत धीमी गति से वाहनों का आवागमन हो पा रहा है। जिससे जाम की स्थिति भी कुछ जगहों पर बन रही है। चंडीगढ़ पुलिस की तरफ से शहर की ऐसी सड़कों को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी कर लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। एडवाइजरी में कहा गया है कि ट्रैफ़िक पुलिस लगातार काम पर है और जल्द ही सभी रास्तों पर स्थिति सामान्य हो जाएगी। जिसके बारे में अपडेट कर दिया जाएगा।

इन स्थानों पर न रुकें लोग

वहीं शहर में भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने लोगों के लिए सेफ़्टी सुझाव भी जारी किए हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि, लोग नाले-नदियों से दूरी बनाकर रखें. जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें। साथ ही सार्वजनिक बिजली ढांचों से दूर रहें। पेड़ों के नीचे शरण न लें। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि जर्जर और कमज़ोर इमारती ढाँचों के पास बिलकुल भी न खड़े हों। उन ढांचों से खतरा हो सकता है।

Chandigarh Rain Red Alert