Chandigarh Police Seized Heroin Worth 10 Crores

चंडीगढ़ में 10 करोड़ की हेरोइन पकड़ी गई; रेहड़ी पर फल बेचते जागा अमीरी का ख्वाब, पर शॉर्टकट ले बैठा आरोपी, पुलिस ने सुनाई पूरी कहानी

Chandigarh Police Seized Heroin Worth 10 Crores

Chandigarh Police Seized Heroin Worth 10 Crores

Chandigarh Police Seized Heroin Worth 10 Crores: चंडीगढ़ में हेरोइन की बड़ी खेप पकड़ी गई है| जिसकी कीमत इंटरनेशनल मार्केट में 10 करोड़ रुपए के करीब बताई जा रही है| चंडीगढ़ पुलिस के डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल की टीम ने अमित शर्मा (41 साल) नाम के एक शख्स को दबोचा| जिसके पास से 2 किलो 10 ग्राम हेरोइन बरामद की गई| क्राइम सेल ने आरोपी को राम दरबार के नजदीक से गिरफ्तार किया| आरोपी चंडीगढ़ नंबर की होंडा सिटी कार में सवार था और पोल्ट्री फॉर्म की तरफ से आ रहा था। फिलहाल, आरोपी को लेकर अब आगे की बनती कार्रवाई की जा रही है| यह पिछले 6 महीने से पुलिस की रडार पर था। चंडीगढ़ पुलिस आरोपी से पूछताछ करेगी और नशे के कारोबार के लिप्त अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी लेगी|

जीरकपुर में फ्लैट लेकर रह रहा था

मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए चंडीगढ़ पुलिस के एसएसपी कुलदीप सिंह चहल (SSP Kuldeep Singh Chahal) ने बताया कि आरोपी जीरकपुर में फ्लैट लेकर रह रहा था और यह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है| कुलदीप सिंह चहल के अनुसार, जीरकपुर से पहले यह अंबाला में रहता था| वर्ष 2008-09 के आस-पास यह अंबाला में दुकानों पर चोरी करने वाले गैंग से जुड़ा हुआ था| इसके खिलाफ चोरी और डकैती के करीब 10 केस दर्ज हैं| वहीं आरोपी अफीम और भुक्की बेचने का काम भी कर चुका है जो कि यह मध्य प्रदेश से लाता था और आगे बेचा करता था। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत पहले से ही 5 केस दर्ज हैं। आरोपी अंबाला कोर्ट से जमानत पर था|

रेहड़ी पर फल बेचते जागा शॉर्टकट से अमीरी का ख्वाब

बताया जाता है कि, आरोपी अमित दसवीं से भी कम पढ़ा है| बचपन के दिनों में ही वह सहारनपुर जिले से अंबाला आ गया था और यहां रेलवे स्टेशन के नजदीक रेहड़ी पर फल बेचता था मगर फल बेचते शॉर्टकट से अमीरी का ख्वाब ऐसा जागा कि आरोपी ने गैरकानूनी धंधों में अपना कदम रख दिया| आरोपी अपने गैरकानूनी धंधों को और आगे बढ़ा सके| इसके लिए वह अंबाला से जीरकपुर रहने आ गया और यहां वह नशा बेचने लगा| बताते हैं कि, आरोपी जीरकपुर से कम मात्रा में हेरोइन की सप्लाई करता था। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में वह खुद नशे की बड़ी खेपें पहुंचाने जाता था| हेरोइन की जिस खेप के साथ वह पकड़ा गया उसे वह चंडीगढ़ और खरड़ में सप्लाई करने निकला था|

डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल की टीम अब तक 55 आरोपियों को पकड़ चुकी

बता दें कि, चंडीगढ़ पुलिस के डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल की टीम अब तक एनडीपीएस एक्ट के 50 मामलों पर कार्रवाई करते हुए 55 आरोपियों को पकड़ चुकी है| इनमें से ज्यादातर आरोपी कमर्शियल क्वांटिटी के साथ पकड़े गए हैं। इसके अलावा शहर की दो बड़ी महिला ड्रग सप्लायर्स को भी डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल की टीम दबोच चुकी है। - रिपोर्ट- रंजीत शम्मी

अन्य खबरें भी देखें