Chandigarh girl got expensive online relationship, America's groom came out of UP, cheated lakhs

चंडीगढ़ की लडक़ी को ऑनलाइन रिश्ता पड़ा महंगा, अमेरिका का दूल्हा यूपी का निकला, लाखों ठगे

Chandigarh girl got expensive online relationship, America's groom came out of UP, cheated lakhs

Chandigarh girl got expensive online relationship, America's groom came out of UP, cheated lakhs

चंडीगढ़। शादी डॉट कॉम पर दूल्हा ढूंढना चंडीगढ़ की एक लडक़ी को महंगा पड़ गया। नोएडा के 24 वर्षीय युवक ने खुद को अमेरिका में फिजियोथैरेपिस्ट बताकर लडक़ी को शादी का झांसा देकर लगभग 3.25 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है, जिसकी पहचान नोएडा, उत्तर प्रदेश के 24 वर्षीय गेडियन के रूप में हुई है।  पुलिस को शिकायत देने के बाद आरोपी की लोकेशन देखकर ग्रेटर नोएडा में रेड की गई। आरोपी गेडियन को उसके घर से काबू किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया। इसके साथ ही 24 ब्लैंक डेबिट कार्ड भी बरामद हुए, जो आरोपी ने क्लोन बनाए हुए थे। एक क्लोनिंग मशीन, 3 लैपटॉप भी पुलिस ने बरामद किए। इन उपकरणों के जरिए आरोपी वारदात अंजाम देता था। आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाना ने धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश रचने की धाराओं में गत 18 जुलाई को केस दर्ज किया था।

शिकायतकर्ता लडक़ी ने अगस्त 2021 में वेबसाइट पर रिश्ते के लिए प्रोफाइल बनाई थी। 8 अगस्त 2021 को उसे अमित बेदी की रिक्वेस्ट आई। उसकी पेड आईडी थी। उसने खुद को अमेरिका में फिजियोथैरेपिस्ट बताया। अमित बेदी की प्रोफाइल शिकायतकर्ता को पसंद आई। उसने बेदी की रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली और उसके व्हाट्सऐप नंबर देकर चैट शुरू कर दी।

बेदी ने लडक़ी को कहा कि वह 1 सितंबर 2021 को इंडिया आएगा और उसके साथ शादी कर लेगा। इसके बाद उसने कुछ फ्लाइट की तस्वीरें शेयर की और लडक़ी को विश्वास दिलाया कि वह भारत आ रहा है। उसकी फ्लाइट मुंबई लैंड कर रही है। 1 सितंबर को लडक़ी को दो नंबरों से किसी अनिता की कॉल आई। उसने खुद को एयरपोर्ट अथॉरिटी की कर्मी बताया। उस फर्जी कर्मी ने शिकायतकर्ता को बताया कि अमित ने मुंबई लैंड किया है और उसके पास काफी अमेरिकन डॉलर हैं। यह इनकम टैक्स विभाग के अंतर्गत आते हैं। टैक्स रकम भारतीय करेंसी में देनी होगी। यदि रकम नहीं दी जाती तो अमित को जेल में डाल दिया जाएगा।

शिकायतकर्ता लडक़ी ने अपने एचडीएफसी बैंक और यूनियन बैंक खाते का नंबर दिया। टैक्स भरने के लिए शिकायतकर्ता ने 100 रुपए, 34,400 रुपए, 45,500 रुपए, 51,000 रुपए, 1,99,900 रुपए जमा करवाए। यह रकम लगभग 3.25 लाख रुपए थी। एचडीएफसी खाते में रकम जमा करवाई गई थी, लेकिन बाद में लडक़ी को पता चला कि उसके साथ ठगी हो गई है।

पुलिस के मुताबिक, ऐसे मामलों में आरोपी वैवाहिक साइट पर अपनी फर्जी प्रोफाइल बनाते हैं। खुद को विदेश में रहने वाला बताते हैं।शादी का ऑफर देते हैं और व्हाट्सऐप पर चैट करते हैं। लड़कियों को अपने प्यार में फंसा लेते हैं। इसके बाद कहते हैं कि वह इंडिया आ रहे हैं और भारतीय नंबर से कॉल करवाकर सह आरोपी को एयरपोर्ट अथॉरिटी या इनकम टैक्स विभाग कर्मी बताकर ठगी करते हैं।