राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर ब्रजेश पाठक का विपक्ष पर पलटवार, बोले- सपा और कांग्रेस ने हमेशा मंदिर निर्माण का विरोध किया
- By Gaurav --
- Monday, 06 Jul, 2026
Brijesh Pathak Hits Back at
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर भाजपा सरकार की आलोचना करने वाले विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने तथा राम मंदिर निर्माण का विरोध करने का आरोप लगाया।
पत्रकारों से बातचीत में पाठक ने अयोध्या की हालिया घटना को “बहुत दुर्भाग्यपूर्ण” बताते हुए कहा कि इस मामले का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “पूरा देश और हर सनातनी यह जानता है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने हमेशा राम मंदिर का विरोध किया है।”
उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने हमेशा मुसलमानों को खुश करने की राजनीति की है और उन्हें इसके नतीजे भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अयोध्या और राम मंदिर के मुद्दे पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।
पाठक ने कहा, “ये वही लोग हैं जिन्होंने निहत्थे रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और अयोध्या को रक्तरंजित कर दिया। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को अयोध्या धाम पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष ने पहले भगवान राम के अयोध्या में जन्म को लेकर सवाल उठाए थे। पाठक ने दावा किया कि कांग्रेस ने उच्चतम न्यायालय के समक्ष भी इसी प्रकार का रुख अपनाया था।