दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज OTT प्लेटफॉर्म से रिमूव; Zee5 पर अब नहीं देख सकते, सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे- क्यों हटाई?
Diljit Dosanjh Film Satluj removed from Zee5 in India two days after release
Satluj removed from Zee5: पंजाबी अभिनेता दिलजीत दोसांझ की चर्चित फिल्म 'सतलुज' OTT प्लेटफॉर्म Zee5 से अचानक हटा दी गई है. फिल्म 3 जुलाई 2026 को Zee5 पर रिलीज की गई थी. लेकिन रिलीज के तीसरे ही दिन यानि रविवार (5 जुलाई) को फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटा दी गई. अब भारत में फिल्म को जी5 पर नहीं देखा जा सकता है. प्लेटफॉर्म ने खुद इस बारे में एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है और यह बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए 'सतलुज' अगले आदेश तक भारत में उपलब्ध नहीं होगी.
दरअसल Zee5 ने इंस्टाग्राम पर एक ऑफिशियल बयान शेयर किया, जिसमें फिल्म को रिलीज़ के बाद मिले ज़बरदस्त रिस्पॉन्स के लिए दर्शकों को धन्यवाद दिया और कहा कि हम सच्ची और सार्थक कहानियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. फिल्म 'सतलुज' को हटाये जाने को लेकर Zee5 ने कहा कि, हम सही प्रक्रिया अपनाकर हर संभव तरीके से इस फिल्म को जल्द से जल्द अपने दर्शकों तक वापस लाने के लिए कोशिश कर रहे हैं.
Zee5 प्लेटफॉर्म ने लिखा, "रिलीज़ के बाद से सतलुज को मिला रिस्पॉन्स सच में ज़बरदस्त रहा है. हम हर उस दर्शक के बहुत आभारी हैं जिन्होंने फिल्म को सब्सक्राइब करने, देखने और सपोर्ट करने का फैसला किया. आपका प्यार और सपोर्ट हमारे लिए और इस कहानी को ज़िंदा करने वाले हर किसी के लिए बहुत मायने रखता है."
फिल्म के लिए अपना सपोर्ट दोहराते हुए, Zee5 ने कहा, "Zee5 में, हम सतलुज और इसके पीछे के क्रिएटिव विज़न के साथ मज़बूती से खड़े हैं. हमारा मानना है कि दमदार कहानी कहने में प्रेरणा देने, टिकने और गहरा असर छोड़ने की क्षमता होती है. हम असली और मतलब वाली कहानियों को आगे बढ़ाने के लिए कमिटेड हैं.''
प्लेटफॉर्म ने आगे लिखा, "मौजूदा हालात को देखते हुए, सतलुज अगले नोटिस तक भारत में उपलब्ध नहीं रहेगी। हम फिल्म को जल्द से जल्द अपने दर्शकों तक वापस लाने के लिए सही तरीके से हर सही रास्ता तलाशने के लिए कमिटेड हैं। क्रिएटर्स और पक्के इरादे, आर्टिस्टिक ईमानदारी और मकसद के साथ बताई गई कहानियों के प्रति हमारा कमिटमेंट पक्का है।"

सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे- क्यों हटाई?
दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' को लोग काफी पसंद कर रहे थे. ऐसे में जब फिल्म को हटा दिया गया तो लोगों में इसे लेकर गुसा देखा जा रहा है. सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे- फिल्म क्यों हटाई गई? इससे पहले दिलजीत दोसांझ का एक वीडियो सामने आया था. जिसमें उन्होंने कहा था कि अब फिल्म हट जाए तो हट जाए. कोई फर्क नहीं. क्योंकि लोगों ने फिल्म देख ली है और डाउनलोड भी कर ली है.
फिल्म पंजाब 95 'सतलुज' नाम से रिलीज की
फिल्म सतलुज पहले 'पंजाब 95' नाम से रिलीज होनी थी. लेकिन सालों की देरी, विवाद और लम्बे इंतज़ार के बाद दिलजीत दोसांझ की यह फिल्म 3 जुलाई को नए टाइटल 'सतलुज' के साथ OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज़ कर दी गई. बता दें कि यह फिल्म पंजाब के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा की जिंदगी पर बनी है. लेकिन फिल्म अपनी कहानी और विषयवस्तु को लेकर सेंसर बोर्ड की मंजूरी नहीं पा सकी. क्योंकि इससे विवाद बढ़ने और हालात बिगड़ने की आशंका जताई गई.
