ब्यास नदी में दो और लोगों के शव बरामद किए गए, कुल्लू में महिला की मलबे में दबने से मौत
- By Arun --
- Wednesday, 12 Jul, 2023

Bodies of two more people recovered in Beas river, woman dies after being buried under debris in Kul
शिमला:हिमाचल प्रदेश में बारिश कम होने के बाद बाढ़ग्रस्त नदियों में बहे लोगों की लाशें मिलने का क्रम शुरू हो गया है। बुधवार को ब्यास नदी में दो और लोगों के शव बरामद किए गए। इनकी अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। अब तक ब्यास से 11 शव मिल चुके हैं। कुल्लू की लगघाटी के दोघरी गांव में खेतों में घास काटने गई शेंपो देवी (55) पत्नी केसर सिंह की मलबे में दबने से मौत हो गई। रामपुर की फूंजा पंचायत में एक व्यक्ति खड्ड में बह गया, जिसका कोई सुराग नहीं लगा।
पौंग डैम में मिला शव
पुलिस थाना ज्वाली के अंतर्गत खरोटा वूहल खडड पौंग झील के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव (Body Found in Pong Dam) मिला है, जिसकी उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष की लग रही है। अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। जिला पुलिस नूरपुर एसपी अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के शव को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अमरनाथ यात्रा पर गए 16 श्रद्धालु फंसे
सतौन से अमरनाथ यात्रा पर गए 16 श्रद्धालुओं का दल पिछले पांच दिनों से लद्धाख के सारचू (Sarchu) में फंसा है। श्रद्धालु वहां एक किराये के टीन शेड में रह रहे हैं। बुधवार को उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने उनसे बात कर हाल जाना और जल्द वहां से निकालने का आश्वासन दिया। सतौन से 16 लोगों का एक दल 30 जून को अमरनाथ यात्रा पर निकला था।
धनछौ में फंसे 81 लोगों को सुरक्षित निकाला
पवित्र मणिमहेश यात्रा (Manimahesh Yatra) पर निकले 81 लोगों को धनछौ से सुरक्षित निकाल कर हड़सर पहुंचा दिया गया है। सुरक्षित निकाले गए यात्रियों में हिमाचल, पंजाब, असम, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के लोग शामिल हैं। रेस्क्यू अभियान भरमौर प्रशासन की संयुक्त टीम ने स्थानीय गाइड की मदद से चलाया।