यूपी मिशन 2027 की तैयारी में जुटे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, हर जिले में करेंगे कार्यकर्ताओं से संवाद
BJP State President Pankaj Chaudhary gears
नई दिल्ली। BJP State President Pankaj Chaudhary gears, उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार कमल खिलाने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पूरे प्रदेश को मथने के लिए जमीन पर उतर चुके हैं।
कुछ माह पहले ही संगठन की कमान संभालने वाले अध्यक्ष ने यूं तो शुरुआत से ही ''कार्यकर्ता कनेक्ट'' को अपनी कार्यशैली में शामिल किया है, लेकिन अब वह खुद एक-एक जिले में जाकर कार्यकर्ता संवाद की रूपरेखा बना चुके हैं।
कार्यकर्ताओं के मन की बात सुनेंगे पंकज चौधरी
इसके साथ ही जिस तरह से राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी ने वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क के लिए राष्ट्रीय संगठक की नियुक्ति की है, उसी भावना के अनुरूप प्रदेश अध्यक्ष ने भी एजेंडा बनाया है कि वह पूर्व पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के भी मन की बात उनसे मिलकर सुनेंगे।
भाजपा का मिशन यूपी-2027
यूपी के मिशन- 2027 के लिए सभी को पंकज चौधरी की अध्यक्षता वाली नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की प्रतीक्षा है। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी ओर से जमीनी मोर्चा संभाल लिया है। अब तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों का दौरा कर चुके अध्यक्ष इन दिनों कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रवास पर हैं।
हर जिले का करेंगे दौरा
वहीं, उनके करीबी सूत्रों ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने चुनावी तैयारी के लिए अपने कार्यक्रमों की प्रारंभिक रूपरेखा पहले ही तैयार कर ली है। तय किया गया है कि चुनाव से पहले वह प्रदेश के हर जिले का दौरा करेंगे। सभी जगह अनौपचारिक संवाद कार्यक्रम किए जाएंगे।
वह न सिर्फ संगठन के वर्तमान पदाधिकारियों से, बल्कि वर्तमान जनप्रतिनिधियों में सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, पंचायत प्रतिनिधियों से भी अधिक से अधिक संख्या में मिलने का प्रयास करेंगे।
पूर्व पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं करेंगे संवाद
इनके अलावा पूर्व जनप्रतिनिधियों, पूर्व पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अलग से बुलाकर संवाद करेंगे। यदि उनकी कोई शिकायत, समस्या या सुझाव होगा तो सुनेंगे।
बताया गया है कि अध्यक्ष ने उन विधानसभा क्षेत्रों की भी सूची तैयार कराई है, जहां पार्टी कभी नहीं जीती और जिन सीटों पर मुकाबला अधिक कड़ा होता है। ऐसे क्षेत्रों में रात्रि प्रवास कर गहन संवाद और रणनीतिक चर्चा की भी कार्ययोजना है।