“झारखंड राज्यसभा चुनाव: JMM के रुख से कांग्रेस में बेचैनी, CM आवास बैठक पर नजर”
JMM’s stance causes unease within Congress
रांची। JMM’s stance causes unease within Congress, झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अभी तक ना तो दूसरे उम्मीदवार की घोषणा की है और ना ही कांग्रेस को समर्थन देने की बात कही है।
गठबंधन का नेतृत्व कर रहे मोर्चा के इस व्यवहार से सर्वाधिक परेशानी कांग्रेस को है और राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए गए प्रणव झा से लेकर तमाम कांग्रेसियों की सांसें अटकी हुई हैं।
पूरे दिन प्रदेश कांग्रेस के नेता और पदाधिकारी मुख्यमंत्री की ओर से संदेश का इंतजार करते रहे। प्रदेश कांग्रेस के नेता और राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी की ओर से पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए सीनियर नेताओं ने इस मसले का हल निकालने को लेकर लगातार बैठकें की हैं।
दोपहर में दोनों पर्यवेक्षक क्रमशः भूपेश बघेल और अजय शर्मा एक बार फिर मुख्यमंत्री से मिले लेकिन सीएम की ओर से कुछ भी ऐसा आश्वासन नहीं मिला कि तनाव खत्म हो।
बहरहाल, प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के लिए यही बात बड़ी है कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में महागठबंधन की बैठक बुलाई गई है। कांग्रेसी यह मानकर चल रहे हैं कि इस बैठक में मुख्यमंत्री की ओर से सभी सहयोगी दलों को कांग्रेस को समर्थन देने को लेकर अंतिम बातचीत हो जाएगी।
नाथवाणी को अभी तक हरी झंडी नहीं
पूर्व में झारखंड से राज्यसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके परिमल नाथवाणी के मैदान में उतरने से झारखंड का सियासी तापमान तो गर्म हो गया है लेकिन कांग्रेस के नेताओं की मानें तो महागठबंधन में इस बात का कोई संकेत नहीं है कि नाथवाणी को मुख्यमंत्री की ओर से हरी झंडी मिल गई है।
इसके विपरीत कांग्रेस के नेता यह मानकर चल रहे हैं कि दूसरी सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार को ही समर्थन मिलेगा। ज्ञात हो कि शनिवार की रात नाथवाणी रांची पहुंचे और सीधे मुख्यमंत्री से मिलने गए।
इसके बाद रविवार को कांग्रेस के दोनों पर्यवेक्षक क्रमशः भूपेश बघेल और अजय शर्मा रविवार की सुबह मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे और उन्होंने मुलाकात के बाद एक बार फिर कहा कि कहीं कोई भ्रम की स्थिति नहीं है।
इसके बाद इन्हीं नेताओं के निर्देश पर कांग्रेस के विधायकों को शाम में मुख्यमंत्री आवास में आयोजित बैठक में पहुंचने के लिए कहा गया है। यह भी महत्वपूर्ण है कि राज्यसभा चुनाव के लिए सांसद परिमल नाथवाणी की ओर से नामांकन पत्र खरीदा जा चुका है।