यूपी पुलिस अधिकारी से भिड़े मुकेश सहनी, तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
Mukesh Sahani clashes with UP police officer
पटना। Mukesh Sahani clashes with UP police officer, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी का उत्तर प्रदेश के एक पुलिस अधिकारी से ठन गई है।
दरअसल, दोनों के बीच फोन पर हुई तीखी बहस का का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में सहनी अपने प्रस्तावित उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर नाराजगी जताते हुए पुलिस अधिकारी से तीखे अंदाज में बात करते दिखाई और सुनाई दे रहे हैं।
यह बातचीत उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में उनके प्रस्तावित रात्रि प्रवास को लेकर है। पुलिस अधिकारी ने कार्यक्रम के लिए प्रशासनिक अनुमति की आवश्यकता का जिक्र किया है, जिस पर मुकेश सहनी ने कड़ी आपत्ति जताई है।
'किसी राज्य में जाने के लिए अनुमति की जरूरत नहीं'
वायरल वीडियो में बातचीत की शुरुआत में मुकेश सहनी कहते हैं, नमस्कार, कल मेरा महाराजगंज में रात्रि प्रवास है। मैं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रुककर नेताओं और लोगों से मिल रहा हूं। कोई बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं है।
इस पर पुलिस अधिकारी की ओर से कथित तौर पर कहा जाता है कि ऐसे कार्यक्रम के लिए अनुमति आवश्यक है। जवाब में सहनी कहते हैं, किसी जिले या किसी राज्य में जाने के लिए अनुमति की जरूरत नहीं होती। जब कोई सार्वजनिक कार्यक्रम होगा, तब अनुमति लेंगे। यहां कोई कार्यक्रम नहीं है।
'मुझे यूपी आने से रोकिएगा...'
वीडियो में देखा जा सकता है कि बातचीत के दौरान सहनी का स्वर और तीखा हो जाता है। वह कहते हैं, मुझे यूपी आने से रोकिएगा, लोगों से मिलने नहीं दीजिएगा। क्या जन्मदिन या शादी में जाने के लिए भी आपसे अनुमति लेकर जाऊंगा?
जब पुलिस अधिकारी उनकी भाषा पर आपत्ति जताते हैं तो सहनी जवाब देते हैं, मैंने भाषा में क्या गलत कहा है? आप एक वरिष्ठ अधिकारी हैं और मैं भी सरकार में रह चुका हूं। मेरे हाथ में संविधान है। मुझे देश में कहीं भी जाने का अधिकार है।
कार्यक्रम में बाधा डाली तो कोर्ट में मिलूंगा
वीडियो में मुकेश सहनी आगे कहते हैं, मेरे कार्यक्रम को अगर बाधित किया गया तो मैं कोई चूड़ी पहनकर नहीं बैठा हूं। आप किसी राजनीतिक दल के नेता नहीं हैं।
पुलिस अधिकारी से वह यह भी कहते हैं कि आपकी सारी बातें रिकॉर्ड हो रही हैं। कल मेरे कार्यक्रम में कुछ हुआ तो कोर्ट में मिलूंगा। सत्ता आती-जाती रहती है।
बातचीत के अंत में वह यह भी कहते सुनाई देते हैं कि रात के डेढ़ बजे मेरा समय बर्बाद किया जा रहा है। आप पुलिस को गुंडा बनाकर भेजिएगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मुकेश सहनी और पुलिस अधिकारी के बीच हुई इस कथित बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। हालांकि, दैनिक जागरण इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो किस परिस्थिति में रिकॉर्ड किया गया और बातचीत के बाद प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई हुई, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
यह भी ज्ञात नहीं हो सका है कि मुकेश की यूपी पुलिस के किस अधिकारी के साथ यह बातचीत हो रही थी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए मुकेश सहनी से संपर्क करने का प्रयास किया, परंतु संपर्क नहीं हो सका।