CM Rekha Gupta Launches ‘Clean

'स्वच्छ हवा, स्वस्थ दिल्ली' कार्यक्रम की शुरुआत, CM रेखा गुप्ता ने मंडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की भी उठाई मांग

clin air

CM Rekha Gupta Launches ‘Clean

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को विश्व बैंक और पर्यावरण विभाग के सहयोग से आयोजित 'स्वच्छ हवा, स्वस्थ दिल्ली' (Delhi Clean Air Programme) ओरिएंटेशन कार्यशाला का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विश्व बैंक के सहयोग से शुरू किया गया 8,300 करोड़ रुपये का सात वर्षीय कार्यक्रम राजधानी में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक, बेहतर निगरानी व्यवस्था, विभागों के बीच समन्वय और प्रभावी कार्यान्वयन के जरिए प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि नई ईवी (EV) नीति, इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार, 32,000 EV चार्जिंग पॉइंट, धूल और खुले में कचरा जलाने पर सख्ती, 70 लाख पौधे लगाने तथा यमुना के कायाकल्प जैसे कदमों के माध्यम से दिल्ली सरकार स्वच्छ और स्वस्थ राजधानी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

कार्यक्रम में विश्व बैंक के कार्यवाहक कंट्री डायरेक्टर पॉल प्रोसी, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश सिंह, आशीष सूद और एम.एस. सिरसा भी मौजूद रहे।

इस बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर दक्षिण दिल्ली की मंडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने और इसके विकास की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंपने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि करीब 8.8 किलोमीटर लंबी मंडी रोड छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास NH-148A को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर गुरुग्राम-फरीदाबाद मार्ग से जोड़ती है और दिल्ली-एनसीआर के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक परिवहन कॉरिडोर है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि UTTIPEC की गवर्निंग बॉडी ने वर्ष 2023 में इस सड़क के विस्तार और व्यापक विकास के प्रस्ताव का समर्थन किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी रोड को NHAI के अधिकार क्षेत्र में लाने से एकीकृत विकास योजना लागू होगी, यातायात सुगम बनेगा, दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।