CM सम्राट चौधरी की अपराधियों को चेतावनी: “बिहार छोड़ो या अपराध छोड़ो”, पुलिस को खुली छूट
CM Samrat Chaudhary’s warning to criminals
सिवान। CM Samrat Chaudhary’s warning to criminals, सबका सम्मान, जीवन आसान के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पचरूखी प्रखंड के पपौर गांव में आयोजित सहयोग कार्यक्रम में पहुंचे।
इससे पूर्व डीवीएम पब्लिक स्कूल में बने हेलीपैड पर सारण आयुक्त मनीष कुमार, डीआइजी निलेश कुमार, जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा सहित जनप्रतिनिधियों ने उनको बुके देकर स्वागत किया।
तत्पश्चात जिला पुलिस के जवानों द्वारा गार्ड आफ आनर दिया गया। इसके बाद सीएम का काफिला कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुआ। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टाल का निरीक्षण करते हुए योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
सहयोग शिविर सह जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचे सीएम का जिलाधिकारी ने स्मृति चिह्न व पौधा देकर पुन: स्वागत अभिनंदन किया। साथ ही सीएम ने दीप प्रज्ज्वलित कर सहयोग शिविर का विधिवत उद्धाटन किया। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किया।
उन्होंने कहा कि जिले ने बिहार प्रदेश सहित भारत को दिशा देने का काम किया है। कहा कि देश के प्रधानमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सपने को सकार कर रहा हूं। उनके छोड़े हुए कामों को पूरा करने का काम करूंगा। बिहार में उद्योगों का जाल बिछेगा और सिवान में भी चीनी मिल शुरू किया जाएगा। इसके लिए उपयुक्त जमीन उपलब्ध कराने को लेकर जिलाधिकारी को भी निर्देश दिया गया है।
सीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बदमाशों को या तो बिहार छोड़ना होगा या फिर सुधर जाना होगा। उन्होंने पुलिस को खुली छूट देते हुए कहा कि जो बदमाश कानून को चुनौती देंगे, उनका या तो जेल के भीतर इलाज होगा या श्मशान घाट भेज दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस को निर्देश भी दिया गया है कि अगर बदमाश कोई वारदात करते हैं, तो उसे चुनौती के रूप में लेकर 48 घंटे के भीतर करारा जवाब दें। सुशासन की सरकार में बदमाशों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इसके पूर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सह सदर विधायक मंगल पांडेय ने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों के स्टाल लगाकर जन समस्याओं का त्वरित समाधान करने की पहल सराहनीय है। यह शिविर सबका सम्मान, जीवन आसान के संकल्प को धरातल पर उतार रहा है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के कारण ही बिहार को विकास की जनकल्याणकारी योजनाएं मिल रही हैं।
सदर विधायक ने कहा कि हमलोगों को प्रसन्नता है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के मार्ग को प्रशस्त किया था, उस विकास की रफ्तार को तेज करने का कार्य सीएम द्वारा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार का समर्थन, सीएम का नेतृत्व व नीतीश कुमार के कार्य व योजना, ये सभी मिलकर बिहार के विकास के शिखर पर पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने सिवान में भी उद्योग धंधे लगाने व निवेश करने की बात सीएम से कही। वहीं बड़हरिया विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल ने कहा कि सरकार द्वारा चीनी मिलों को पुन: सुचारू रूप से चालू कराने की बात कही गई है, लेकिन पचरूखी चीनी मिल की जमीन को औने-पौने कीमत पर बेच दिया गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि चीनी मिल को चालू कराया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार मिल सकें। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव सह पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा ने शहर में जाम जैसी चुनौती से निपटने के लिए दारोगा प्रसाद राय बाइपास मोड़ से लेकर तरवारा मोड़ तक ओवरब्रिज बनाने की मांग की। उन्होंने जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की भीड़ काफी ज्यादा देखने को मिली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लाभुकों से संवाद कर योजनाओं की जमीनी स्थिति की भी जानकारी ली।