Bihar Weather Forecast

फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, पटना समेत प्रदेश में आंधी-बारिश के आसार

Bihar Weather Forecast

Bihar Weather Forecast

राजधानी समेत प्रदेश के मौसम में शुक्रवार को बदलाव देखने को मिला। बीते तीन-चार दिनों से प्रदेश में पुरवा हवा चल रही है। इसके साथ ही हल्की बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया था। वहीं, शुक्रवार को पछुआ के कारण मौसम का तेवर तल्ख हो गया।

राजधानी समेत अन्य जिलों में शुष्क हवा के कारण तापमान में वृद्धि होने से लोग गर्मी से परेशान रहे। पटना समेत प्रदेश के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना के अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ऊपर चढ़ने के साथ 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 41.6 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में एक बार बदलाव आएगा। प्रदेश भर में बादलों की आवाजही बनी रहेगी। तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट की संभावना है। रविवार और सोमवार को पटना सहित प्रदेश भर में आंधी-पानी का अलर्ट है। इस दौरान हवा की गति 30-40 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है।

बीते 24 घंटों के दौरान गया और बांका जिले के अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुई। बांका के चंदन में 1.8 मिमी, गया के फतेहपुर में 1.8 मिमी, गया के बजीरगंज में 0.6 मिमी, गया शहर में 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा पटना समेत प्रदेश के आसपास इलाकों में सुबह के समय बादल छाए रहे। वहीं, दोपहर बाद कड़ी धूप से लोग परेशान रहे। शाम के समय ठंडी हवा के कारण लोगों को थोड़ी राहत मिली।