यूपी में फार्मा सेक्टर को बड़ा बढ़ावा: 17 दवा कंपनियों को मिला एलओसी
Big boost to pharma sector in UP: 17 pharmaceutical companies get LOC
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को 17 दवा कंपनियों को आश्वासन पत्र (एलओसी) प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने सभी निवेशकों को सफलतम निवेश की शुभकामना दी और कहा कि आज का दिन उत्तर प्रदेश के औद्योगिक एवं स्वास्थ्य सेवा के लिए ऐतिहासिक पड़ाव है।
राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने निवेशकों को विश्वास दिलाया कि उत्तर प्रदेश में सुरक्षा, स्थायित्व और रफ्तार की गारंटी है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों हुए 'फॉर्मा कॉन्क्लेव' ने उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 तक उत्तर प्रदेश में 40 मेडिकल कॉलेज थे, आज यह संख्या बढ़कर 83 हो गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में दो एम्स (गोरखपुर एवं रायबरेली) भी हैं और राज्य में आयुष विश्वविद्यालय संचालित हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ललितपुर में 1500 एकड़ में 'फॉर्मा पार्क' विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नोएडा में 350 एकड़ में 'मेडिकल डिवाइस पार्क' विकसित किया जा रहा हैं और इसमें अब तक 100 से अधिक कंपनियां जुड़ चुकी हैं। बयान के अनुसार दवा कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर उत्सुकता जताई और विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उनका निवेश ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।